बिहारराज्यलोकल न्यूज़

दाखिल-खारिज के नाम पर धोखाधड़ी और अवैध वसूली करने वाले तीन आरोपियों के विरुद्ध स्थानीय थाने में प्राथमिकी दर्ज

ध्रुव कुमार सिंह, मुजफ्फरपुर, बिहार, १६ सितम्बर

मुजफ्फरपुर जिले के साहेबगंज अंचल में दाखिल-खारिज के नाम पर धोखाधड़ी और अवैध वसूली करने वाले तीन आरोपियों के विरुद्ध स्थानीय थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है। जिलाधिकारी, कुमार गौरव के निर्देश पर दाखिल-खारिज कार्य में लोगों से धोखाधड़ी करने वाले दलालों के विरुद्ध स्थानीय थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है। उन्होंने कहा कि जनहित के मामलों में कोई भी अनियमितता, लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। दरअसल दो दलालों के बीच दाखिल-खारिज के नाम पर लोगों से पैसा उठाने एवं आपसी बंटवारे में लड़ाई के संबंध में एक ऑडियो वायरल हुआ था। मामला साहेबगंज अंचल के पंचायत हुस्सेपुर पंचायत का है। इस ऑडियो में रविकान्त राजन, सरकारी शिक्षक; चंदन कुमार यादव, पंचायत समन्वयक, स्वच्छता तथा बिट्टू कुमार, साइबर कैफे, खेमकरना का नाम आया था। जिलाधिकारी ने अपर समाहर्ता को वायरल ऑडियो की जांच करते हुए अवैध कृत्य में शामिल लोगों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई करने का निर्देश दिया था। अपर समाहर्ता ने प्राथमिक जांच के बाद अंचल अधिकारी, साहेबगंज को दाखिल-खारिज कार्य में लोगों से धोखाधड़ी करने वाले दलालों के विरुद्ध स्थानीय थाना में प्राथमिकी दर्ज कर प्रतिवेदन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया था। इसके बाद अंचल अधिकारी, साहेबगंज द्वारा स्थानीय साहेबगंज थाना में रविकान्त राजन, सरकारी शिक्षक; चंदन कुमार यादव, पंचायत समन्वयक तथा बिट्टू कुमार, साइबर कैफे, खेमकरना के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करने का आवेदन दिया गया था। इसके बाद थानाध्यक्ष द्वारा अवैध कृत्य में शामिल तीनों लोगों के विरुद्ध सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। जिलाधिकारी ने कहा कि जनता से धोखाधड़ी एवं अवैध वसूली के विरुद्ध वे जीरो टॉलरेंस (शून्य सहिष्णुता) की नीति का अक्षरशः अनुसरण करते हैं। भ्रष्ट गतिविधियों में शामिल लोगों के विरुद्ध विधिसम्मत सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button