वरीय पुलिस अधीक्षक ने महुआ मोड़ पर किया सघन वाहन जांच, सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा

ध्रुव कुमार सिंह, हाजीपुर (वैशाली), बिहार, १६ सितम्बर
कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने और अपराधियों पर नकेल कसने के उद्देश्य से वैशाली पुलिस इन दिनों पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। इसी क्रम में वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) वैशाली, शुभांक मिश्रा (भा.पु.से.) ने स्वयं सड़क पर उतरकर सुरक्षा व्यवस्था का कमान संभाला। एसएसपी श्री मिश्रा के नेतृत्व में सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत महुआ मोड़ के समीप सघन वाहन जांच अभियान चलाया गया। इस औचक निरीक्षण और जांच अभियान से वाहन चालकों और संदिग्ध तत्वों में हड़कंप मच गया। अभियान के दौरान महुआ मोड़ से गुजरने वाले दोपहिया और चारपहिया वाहनों को रोककर उनके कागजात, डिक्की और चालकों के हेलमेट व सीट बेल्ट की गहन जांच की गई। देर रात अनावश्यक रूप से घूमने वाले लोगों और संदेहास्पद वाहनों की तलाशी ली गई। मौके पर मौजूद सदर थाना की पुलिस टीम को एसएसपी ने निर्देश दिया कि रात्रि गश्त तेज की जाए और हर आने-जाने वाले संदिग्ध वाहन पर कड़ी नजर रखी जाए। वरीय पुलिस अधीक्षक ने कहा कि जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखने और अपराध नियंत्रण के लिए इस तरह का सघन चेकिंग अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों और हुड़दंगियों से पुलिस सख्ती से निपटेगी।





