बिहारराज्यलोकल न्यूज़

जिलाधिकारी (DM) नें डुमरा स्थित मॉडल स्कूल का किया सघन निरीक्षण और वहां की शैक्षणिक व्यवस्था का लिया जायजा

ध्रुव कुमार सिंह, सीतामढ़ी, बिहार, १६ सितम्बर

सीतामढ़ी के जिलाधिकारी (DM) तनय सुल्तानिया ने डुमरा स्थित मॉडल स्कूल का सघन निरीक्षण किया और वहां की शैक्षणिक व्यवस्था का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी के साथ सदर अनुमंडल पदाधिकारी (SDO) आनंद कुमार, जिला शिक्षा पदाधिकारी (DEO) राघवेंद्र मणि सहित शिक्षा विभाग के कई अन्य वरीय पदाधिकारी और स्कूल के शिक्षक मौजूद रहे। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी प्रोटोकॉल से परे हटकर एक बिल्कुल अलग अंदाज में नजर आए और क्लासरूम में सीधे छात्र-छात्राओं के बीच बेंच पर जा बैठे। उन्होंने विद्यार्थियों से सीधा संवाद कर उनका हाल जाना और चल रही शैक्षणिक गतिविधियों को करीब से देखा। जिलाधिकारी ने शिक्षकों और विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि मॉडल स्कूल की अवधारणा केवल सुंदर भवन और आधुनिक संसाधनों तक ही सीमित नहीं है। इसका वास्तविक उद्देश्य छात्र-छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ सीखने का एक सकारात्मक और प्रेरणादायी वातावरण उपलब्ध कराना है। डीएम ने शिक्षकों को प्रेरित किया कि वे बच्चों के भीतर कुछ नया सीखने की जिज्ञासा को लगातार प्रोत्साहित करें और उनका लक्ष्य तय कराएं। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्कूल के स्मार्ट क्लास, विज्ञान प्रयोगशाला (लैब) और कंप्यूटर कक्ष का भी बारीकी से मुआयना किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button