विगत 100 दिनों में आधारभूत संरचना, शिक्षा, स्वास्थ्य, ग्रामीण विकास, पंचायती राज, समाज कल्याण सहित सभी क्षेत्रों में जनहित के काफी महत्वपूर्ण काम हुएः जिलाधिकारी

ध्रुव कुमार सिंह, मुजफ्फरपुर, बिहार, २५ जुलाई
सेवा, संकल्प, समर्पण के 100 दिन के ऐतिहासिक अवसर पर जिला प्रशासन, मुजफ्फरपुर द्वारा सम्पूर्ण जिला में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी कुमार गौरव ने कहा कि जिला के सभी पंचायतों, महादलित-बाहुल्य टोलों, आंगनबाड़ी केन्द्रों, जीविका ग्राम संगठनों, प्रखण्डों एवं जिला-स्तर पर उत्सवी माहौल में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें लाखों जिलेवासियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। क्षेत्रों से प्राप्त सूचनानुसार 12,147 से अधिक स्थानों पर समारोहपूर्वक कार्यक्रम का आयोजन हुआ। इन कार्यक्रमों में जन-प्रतिनिधियों, आम जनता सहित काफी बड़ी संख्या में अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने भी भाग लिया। सेवा, संकल्प, समर्पण के 100 दिन के इस महत्वपूर्ण अवसर पर मुजफ्फरपुर जिलान्तर्गत जिन 12,147 से अधिक स्थानों पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया उसमें मुजफ्फरपुर समाहरणालय स्थित सभागार; नगर निगम; सभी 16 प्रखण्ड; 373 पंचायत; 2,751 महादलित-बाहुल्य टोला; 5,363 आंगनबाड़ी केन्द्र; 3,642 जीविका ग्राम संगठन इत्यादि शामिल है। जिलाधिकारी ने कहा कि जिलान्तर्गत इन सभी कार्यक्रम स्थलों पर में राज्य-स्तरीय कार्यक्रम का लाईव प्रसारण किया गया। मुजफ्फरपुर जिला के सभी कार्यक्रम स्थलों पर उपस्थित जन-प्रतिनिधियों, आम जनता एवं अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने मुख्यमंत्री का संबोधन ध्यानपूर्वक सुना तथा सरकार के लोक-कल्याणकारी एवं विकासात्मक योजनाओं के सफल क्रियान्वयन में अपनी सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित की। जिलाधिकारी ने कहा कि यह एक अत्यंत ऐतिहासिक अवसर था। माननीय मुख्यमंत्री के मार्ग-दर्शन से हम सबमें असीम ऊर्जा एवं उत्साह का संचार होता है। माननीय जन-प्रतिनिधियों, आम जनता सहित कार्यक्रम में काफी बड़ी संख्या में उपस्थित अन्य सभी गणमान्य व्यक्तियों ने माननीय मुख्यमंत्री के नेतृत्व में विकासात्मक एवं लोक-कल्याणकारी योजनाओं के सफल क्रियान्वयन पर अत्यंत प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा सैकड़ों योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन से लोगों की जीवन-शैली में अत्यंत सकारात्मक बदलाव आया है। जिलान्तर्गत कार्यक्रम स्थलों पर उपस्थित लोगों को मुजफ्फरपुर जिला के विकास पर आधारित एक डाॅक्यूमेन्ट्री फिल्म भी दिखाया गया। समाहरणालय स्थित सभागार में आयोजित कार्यक्रम में विधायक, मीनापुर अजय कुमार; विधायिका, बोचहाँ बेबी कुमारी; विधान पार्षद वंशीधर ब्रजवासी; जिलाधिकारी, जिला 20-सूत्री कार्यक्रम कार्यान्वयन समिति के सदस्यगण; अन्य पदाधिकारीगण तथा जन-प्रतिनिधिगण उपस्थित थे। विभिन्न क्षेत्रों यथा खेल, समाज कल्याण, जीविका इत्यादि क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करनेवाले जिलेवासियों के साथ-साथ जिलान्तर्गत विभिन्न कार्यालयों में कार्यरत कार्यालय परिचारियों को विधायकों एवं जिलाधिकारी द्वारा पुरस्कृत किया गया। विधायकों एवं जिलाधिकारी ने पुरस्कार पानेवाले इन सभी व्यक्तियों को अपनी हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए जिला के विकास में उनके योगदान की सराहना की तथा उनके उज्जवल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम में कुछ लाभुकों को बासगीत-पर्चा भी प्रदान किया गया। संध्या में नगर भवन, मुजफ्फरपुर में एक भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें छात्र-छात्राओं एवं अन्य स्थानीय कलाकारों द्वारा कार्यक्रमों की भव्य प्रस्तुति दी गई। जिलाधिकारी ने कहा कि राज्य सरकार के आदेश एवं उद्देश्य के अनुरूप इन 100 दिनों की अवधि में मुजफ्फरपुर जिला में भी जनहित की अनेक योजनाओं का शुभारंभ किया गया है एवं सफलतापूर्वक क्रियान्वयन किया जा रहा है। मुख्यमंत्री के कर-कमलों से 12 जुलाई को 213 करोड़ रुपए की अधिक की राशि से मुजफ्फरपुर स्मार्ट सिटी लिमिटेड परियोजना के अन्तर्गत सिकन्दरपुर लेक फ्रंट का उद्घाटन किया गया। इससे लाखों लोगों को एक बेहतरीन सुविधा की प्राप्ति हुई तथा मुजफ्फरपुर के सौन्दर्यीकरण के प्रयास को चार चांद लगा। माननीय मुख्यमंत्री के कर-कमलों से 03 नये डिग्री काॅलेज का संचालन प्रारंभ किया गया है। इससे छात्र-छात्राओं को उच्च शिक्षा के क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण अवसर प्राप्त हो रहा है। 17 सरस्वती विद्या निकेतन (आदर्श विद्यालयों) का भी संचालन प्रारंभ किया गया है। सभी पंचायतों एवं नगर निकायों में सहयोग शिविर का आयोजन किया जा रहा है एवं प्राप्त आवेदनों का निर्धारित समय-सीमा के अंदर निष्पादन किया जा रहा है। अभी तक प्राप्त 26919 आवेदनों में से 93 प्रतिशत से अधिक (कुल 25120) आवेदनों को गुणवतापूर्ण रूप से निष्पादित किया गया है। लोग काफ़ी संतुष्ट हैं। शेष आवेदनों को भी निर्धारित समय में निष्पादित किया जा रहा है। जिला में आधारभूत संरचना को सुदृढ़ करने तथा औद्योगिक विकास को गति देने के उद्देश्य से पारू प्रखण्ड में लगभग 700 एकड़ जमीन को चिन्हित की गई है। यहां पारू औद्योगिक क्षेत्र का विकास किया जाएगा। मुजफ्फरपुर जिला में एक और नये केन्द्रीय विद्यालय की स्वीकृति प्राप्त हो गई है, जिसमें एक महीने के अंदर विद्यार्थियों के लिए सत्र प्रारंभ कर दिया जाएगा। इस प्रकार जिलेवासियों के लिए तीन केन्द्रीय विद्यालय की सुविधा प्राप्त हो जाएगी। जिलाधिकारी ने कहा कि जरूरतमंदों के ईलाज हेतु तेजी से आयुष्मान कार्ड का निर्माण किया जा रहा है। इस फेज के अभियान में अभी तक 21719 नया आयुष्मान भारत कार्ड बनाया गया है। जिला में टीबी-मुक्त भारत अभियान का सफलतापूर्वक क्रियान्वयन किया जा रहा है। अब-तक 9 लाख 32 हजार से अधिक लोगों की स्क्रीनिंग की गई है। 38 हजार से अधिक का एक्सरे एवं लगभग 9 हजार का NAAT किया गया है। जिलाधिकारी ने कहा कि अभियान चलाकर नये राशन कार्ड का निर्माण किया जा रहा है। लगभग 86 हजार नए राशन कार्ड बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। 373 पंचायतों में पंचायत विकास दिवस का आयोजन किया गया है, जिसमें लगभग 62 हजार आमजन ने भाग लेकर सरकार की योजनाओं एवं कार्यक्रमों का लाभ उठाया। सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं का सफलतापूर्वक क्रियान्वयन किया जा रहा है। 10 जुलाई, 2026 को 4,17,002 पेंशनधारियों के बीच 64 करोड़ रुपए से अधिक की राशि डीबीटी के माध्यम से उनके खातों में भेजी गई। विगत 100 दिनों की अवधि में मुजफ्फरपुर जिलान्तर्गत विभिन्न पंचायतों में 14 पंचायत सरकार भवनों को ग्राम पंचायतों को हस्तान्तरित करते हुए क्रियाशील किया गया है। ग्राम पंचायतों के माध्यम से 41 अन्य पंचायत सरकार भवनों का निर्माण कार्य प्रारंभ किया गया है। विभिन्न पंचायतों में 29 कन्या विवाह मंडप का शिलान्यास किया गया। मुजफ्फरपुर जिला में लगभग 40 सड़क, पुल-पुलिया, फ्लाईओवर इत्यादि का तेजी से निर्माण हो रहा है। जिलाधिकारी ने कहा कि इन सब योजनाओं से लोगों के जीवन स्तर में काफी गुणात्मक बदलाव आ रहा है। जिलाधिकारी ने कहा कि पारदर्शिता एवं उत्तरदायित्व सुनिश्चित करते हुए जनहित के कार्यों को जिला प्रशासन द्वारा सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ सम्पन्न किया जाता है। आम जनता को दैनन्दिन कार्यों में समस्या का सामना न करना पड़े, इसके लिए सम्पूर्ण प्रशासनिक सजग, तत्पर एवं प्रतिबद्ध है।






