वैशाली के पुलिस अधीक्षक (SP) विक्रम सिहाग, (भा.पु.से.) द्वारा करताहा थाना का किया गया वार्षिक निरीक्षण

ध्रुव कुमार सिंह, वैशाली, बिहार, १३ जून
वैशाली के पुलिस अधीक्षक (SP) विक्रम सिहाग, भा.पु.से. द्वारा करताहा थाना का वार्षिक निरीक्षण किया गया। इस अवसर पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) सदर-2, लालगंज, गोपाल मंडल भी उपस्थित रहे। निरीक्षण के दौरान जिले के पुलिस कप्तान द्वारा कानून-व्यवस्था सुदृढ़ करने और प्रशासनिक कार्यप्रणाली को बेहतर बनाने के लिए थाना में दर्ज पुराने और लंबित कांडों की वर्तमान स्थिति की बिंदुवार समीक्षा की गई और अनुसंधान की गुणवत्ता में सुधार करते हुए उनके शीघ्र निष्पादन का निर्देश दिया गया। कांड पंजी, मालखाना, शस्त्रागार, हाजत, सीसीटीवी व्यवस्था, आगंतुक पंजी तथा जन शिकायत पंजी का बारीकी से अवलोकन किया गया। सभी रिकॉर्ड और अभिलेखों को पूरी तरह अपडेट रखने की सख्त हिदायत दी गई। फरार चल रहे अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष छापेमारी करने तथा लंबित वारंट व कुर्की के मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाने को कहा गया। राज्य में प्रभावी शराबबंदी कानून के कड़े क्रियान्वयन को लेकर अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और तस्करी के खिलाफ निरंतर सघन अभियान चलाने का निर्देश दिया गया। क्षेत्र में शांति बनाए रखने और असामाजिक तत्वों पर नकेल कसने के लिए रात्रि गश्त, पैदल गश्ती और संदिग्ध वाहनों की नियमित जांच बढ़ाने पर जोर दिया गया। थाना परिसर की साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था और सिपाहियों के लिए निर्माणाधीन भवन सहित उपलब्ध आधारभूत सुविधाओं का जायजा लिया गया। एसपी ने उपस्थित सभी पुलिस पदाधिकारियों एवं पुलिसकर्मियों को आम जनता की शिकायतों का त्वरित व निष्पक्ष निवारण करने को कहा। उन्होंने आम नागरिकों के साथ बेहद संवेदनशील, सहयोगात्मक और सकारात्मक व्यवहार बनाए रखने का निर्देश दिया, जिससे पुलिस और जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित हो सके।




