महान समाजवादी नेता और देश के पूर्व रक्षा मंत्री स्वर्गीय जॉर्ज फर्नांडिस की जयंती के अवसर पर मुजफ्फरपुर के कंपनीबाग स्थित जॉर्ज स्मृति उद्यान में राजकीय समारोह आयोजित

ध्रुव कुमार सिंह, मुजफ्फरपुर, बिहार, ०३ जून
महान समाजवादी नेता एवं देश के पूर्व रक्षा मंत्री स्व. जॉर्ज फर्नांडिस की जयंती कंपनीबाग स्थित जॉर्ज स्मृति उद्यान में समारोहपूर्वक मनाई गई। इस अवसर पर आयोजित समारोह में बिहार सरकार के ग्रामीण विकास सह सूचना एवं जनसंपर्क मंत्री श्रवण कुमार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम की शुरुआत जॉर्ज फर्नांडिस की आदमकद प्रतिमा पर माल्यार्पण से हुई। मंत्री श्रवण कुमार के साथ जिलाधिकारी सुब्रत कुमार सेन, वरीय पुलिस अधीक्षक कांतेश कुमार मिश्रा, उप-विकास आयुक्त श्रेष्ठ अनुपम, नगर आयुक्त ऋतुराज प्रताप सिंह सहित जिले के कई वरीय अधिकारी भी श्रद्धांजलि सभा में शामिल हुए। सभी ने स्व.जॉर्ज फर्नांडिस की आदमकद प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धा निवेदित की। इस अवसर पर ग्रामीण विकास सह सूचना एवं जनसंपर्क मंत्री श्री कुमार ने महान समाजवादी नेता स्व.जॉर्ज फर्नांडिस के जीवन संघर्ष और देश के प्रति उनके अतुलनीय योगदान को याद करते हुए कहा कि जॉर्ज फर्नांडिस का व्यक्तित्व और कृतित्व दोनों ही अनुकरणीय हैं। आज की नई पीढ़ी को उनके आदर्शों, विचारों और मूल्यों को आत्मसात करने तथा उनके बताये रास्ते पर चलने की जरूरत है। समारोह में उपस्थित लोगों ने महान समाजवादी नेता के संघर्षशील व्यक्तित्व एवं देश के प्रति उनके उल्लेखनीय योगदान को याद करते हुए उनके बताये रास्ते पर चलने का संकल्प व्यक्त किया। इस अवसर पर रून्नीसैदपुर के विधायक पंकज मिश्रा नें महान समाजवादी नेता एवं देश के पूर्व रक्षा मंत्री जॉर्ज फर्नांडिस को उनकी जयंती पर नमन करते करते हुए कहा की श्रमिकों के मसीहा और आपातकाल के प्रबल विरोधी के रूप में उनका जीवन एवं संघर्ष भारतीय राजनीति के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा. मुजफ्फरपुर के विकास और उनकी राजनीतिक विरासत को हमेशा याद किया जाएगा. कर्नाटक के मंगलुरु में जन्मे जॉर्ज फर्नांडिस की राजनीतिक कर्मभूमि भले ही मुंबई रही हो, लेकिन उनकी सबसे मजबूत और गहरी पहचान बिहार के मुजफ्फरपुर से ही जुड़ी थी। आपातकाल के दौरान और उसके बाद भी वे लंबे समय तक मुजफ्फरपुर से सांसद चुने गए।





