बिहार विधान परिषद निर्वाचन के अभ्यर्थियों के लिए प्रमंडलीय आयुक्त कार्यालय में प्रशिक्षण-सत्र का किया गया आयोजन ; आयोग के दिशा-निर्देशो के बारे में विस्तार से दी गई जानकारी

ध्रुव कुमार सिंह, मुजफ्फरपुर, बिहार, १० अक्टूबर
बिहार विधान परिषद के तिरहुत स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के द्वि-वार्षिक निर्वाचन को सुचारू रूप से संपन्न करने के लिए प्रमंडलीय आयुक्त कार्यालय में अभ्यर्थियों के लिए प्रशिक्षण सत्र का आयोजन किया गया। निर्वाची पदाधिकारी, तिरहुत स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र-सह-आयुक्त, तिरहुत प्रमंडल गिरिवर दयाल सिंह ने कहा कि आदर्श आचार संहिता का अक्षरशः अनुपालन सहित भारत निर्वाचन आयोग के सभी दिशा-निर्देशो एवं प्रावधानों का सम्यक अनुपालन अनिवार्य है। सभी हितधारक इसका विशेष ध्यान रखें। किसी भी स्तर पर उल्लंघन न हो यह सुनिश्चित करें। प्रशिक्षण सत्र में अभ्यर्थियों एवं प्रतिनिधियों को मतदान, आदर्श आचार संहिता, विधि व्यवस्था संधारण, बीएनएसएस के तहत निषेधाज्ञा का अनुपालन, वाहनों का उपयोग, मीडिया सर्टिफिकेशन एंड मॉनिटरिंग, पोल्ड बैलट बॉक्स संग्रहण, मतगणना सहित सभी पहलुओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। प्रमंडलीय आयुक्त ने कहा कि निर्वाचन का हर चरण महत्वपूर्ण होता है। नामांकन एवं संवीक्षा प्रक्रिया सुचारू रूप से संचालित की गई है। 23 अक्टूबर को 8 बजे पूर्वाह्न से 4 बजे अपराह्न तक मतदान एवं 27 अक्टूबर को मतगणना होगी। निर्वाचन प्रक्रिया, जो दिनांक 22.09.2026 को प्रेस नोट निर्गत होने के साथ प्रारम्भ हुई है, दिनांक 31.10.2026 के पूर्व पूर्ण हो जाएगी। निर्वाचन की बारीकियों के बारे में बताते हुए प्रमंडलीय आयुक्त ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा बिहार विधान परिषद के तिरहुत स्नातक एवं शिक्षक द्वि-वार्षिक निर्वाचन के लिए दिनांक 22.09.2026 को प्रेस नोट जारी होते ही निर्वाचन क्षेत्रों में आदर्श आचार संहिता प्रभावी हो गयी है जो निर्वाचन की प्रक्रिया पूर्ण होने तक लागू रहेगी। आदर्श आचार संहिता समान रूप से राजनैतिक दलों, प्रत्याशियों, सरकारी पदाधिकारियों एवं कर्मियों पर लागू होता है। सभी हितधारक इसका अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित करेंगे। प्रमंडलीय आयुक्त ने कहा कि आयोग द्वारा निर्गत निदेशों/अनुदेशों/परिपत्रों के संदर्भ में आदर्श आचार संहिता का अनुपालन अनिवार्य है। हर हितधारक निदेशों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करेंगे। इसमें किसी भी प्रकार की शिथिलता, लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस कार्यक्रम में आयुक्त के सचिव, तिरहुत प्रमंडल, मुजफ्फरपुर-सह-सहायक निर्वाची पदाधिकारी संदीप शेखर प्रियदर्शी एवं उप-मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, तिरहुत प्रमंडल सत्यप्रिय कुमार द्वारा आयोग द्वारा निर्धारित विभिन्न प्रावधानों एवं विषयों पर विस्तार से प्रकाश डाला गया। प्रमंडलीय आयुक्त ने कहा कि प्रशिक्षण निर्वाचन प्रक्रिया का महत्वपूर्ण अंग है। यह सभी स्टेकहोल्डर को भारत निर्वाचन आयोग के निदेशों का त्रुटिरहित, निष्पक्ष एवं विश्वसनीय ढंग से अनुपालन सुनिश्चित करने के योग्य बनाता है। इसी उद्देश्य से सभी पदाधिकारियों एवं कर्मियों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। आपलोगों के लिए आज प्रशिक्षण सत्र का आयोजन भी इसी प्रयोजन से किया गया है।






