मुजफ्फरपुर में ब्रह्मपुरा स्थित प्रसाद हॉस्पिटल में तड़के सुबह भीषण आग लगने से 5 मरीजों की हुई दर्दनाक मौत
जिलाधिकारी ने मामले की निष्पक्ष जांच हेतु पांच अधिकारियों की टीम गठित कर विस्तृत एवं सुस्पष्ट जांच प्रतिवेदन शीघ्र उपलब्ध कराने का दिया निर्देश

ध्रुव कुमार सिंह, मुजफ्फरपुर, बिहार, ०४ जून
मुजफ्फरपुर शहर के ब्रह्मपुरा स्थित प्रसाद हॉस्पिटल (Prasad Hospital) में गुरुवार (4 जून 2026) तड़के सुबह करीब 3 से 4 बजे के बीच भीषण आग लगने से 5 मरीजों की दर्दनाक मौत हो गई है। यह आग अस्पताल की पांचवीं मंजिल पर स्थित आईसीयू (ICU) वार्ड में लगी थी, जहां उस समय कई गंभीर मरीज भर्ती थे। शुरुआती जांच और जिला मजिस्ट्रेट (DM) के अनुसार, प्रथम दृष्टया आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट (Short Circuit) मानी जा रही है। आग लगते ही पूरे आईसीयू वार्ड और इमारत में घना, जहरीला धुआं फैल गया। दम घुटने और खिड़कियां-दरवाजे बंद होने के कारण मरीजों के बीच चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की करीब 12 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों और स्थानीय लोगों ने खिड़कियों के शीशे तोड़कर वेंटिलेशन बनाया और 20 से अधिक मरीजों को सुरक्षित बाहर निकाला। हादसे में 5 लोगों की मौत की पुष्टि प्रशासन द्वारा की जा चुकी है। इसके अलावा 20 से अधिक मरीज गंभीर रूप से झुलस गए हैं या धुएं के कारण बीमार हुए हैं। बचाए गए और गंभीर रूप से बीमार मरीजों को तुरंत शहर के अन्य नजदीकी अस्पतालों में इलाज के लिए शिफ्ट किया गया है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के आश्रितों को 4-4 लाख रुपये की सहायता राशि (अनुग्रह अनुदान) देने का निर्देश जारी किया है। स्थानीय प्रशासन और सिविल सर्जन को पूरी घटना की विस्तृत जांच करने तथा घायलों के समुचित इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। घटना की सूचना मिलते ही जिला पदाधिकारी सुब्रत कुमार सेन एवं वरीय पुलिस अधीक्षक कान्तेश कुमार मिश्रा ने हॉस्पिटल जाकर स्थिति का जायजा लिया तथा तत्परता पूर्वक बचाव कार्य चलाया गया। हॉस्पिटल में सभी मरीजों को ट्रेस कर लिया गया है। अस्पताल में एडमिट कोई भी मरीज ट्रेसलेस नहीं है। अस्पताल में एडमिट मरीज बृजनंदन राय के बारे में गलत एवं भ्रामक सूचना प्रचारित हुई। विदित हो कि वर्तमान में वे प्रशांत हॉस्पिटल में एडमिट है तथा उनका इलाज चल रहा है। मृतकों का शव पोस्टमार्टम के उपरांत उनके निकटतम परिजन को सौंप दिया गया है। जिलाधिकारी ने मामले की निष्पक्ष जांच हेतु पांच अधिकारियों की टीम गठित की है तथा विस्तृत एवं सुस्पष्ट जांच प्रतिवेदन शीघ्र उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है। जाँच टीम मे अपर समाहर्ता आपदा, अनुमंडल पदाधिकारी पूर्वी सिविल सर्जन अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी पूर्वी एवं जिला अग्निशमन पदाधिकारी को शामिल किया गया है। जिलाधिकारी श्री सेन ने मृतक एवं पीड़ित परिवार के प्रति गहरी संवेदना एवं सहानुभूति प्रकट की है। जिला जनसम्पर्क अधिकारी प्रमोद कुमार नें बताया की घटना की सूचना प्राप्त होते ही त्वरित कार्रवाई करते हुए जिलाधिकारी के निर्देशानुसार अंचलाधिकारी द्वारा मृतक के निकटतम आश्रित को आपदा प्रबंधन के तहत चार-चार लाख रुपए के अनुग्रह अनुदान की राशि प्रदान कर दी गई है साथ ही उन्हें हर संभव मदद का भरोसा दिया गया है।









