बिहारराज्यलोकल न्यूज़

बकरीद को लेकर प्रशासन अलर्ट, डीएम और एसएसपी ने अधिकारियों के साथ बैठक कर पर्व के शांतिपूर्ण आयोजन एवं विधि व्यवस्था संधारित रखने का दिया सख्त निर्देश

डीएम-एसएसपी ने जिलेवासियों से आपसी भाईचारा, शांति सद्भाव कायम रखने, अफवाह पर ध्यान न देने तथा विधि व्यवस्था संधारित रखने में सहयोग की अपील की, अफवाह फैलाने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई

ध्रुव कुमार सिंह, मुजफ्फरपुर, बिहार, २७ मई

आगामी बकरीद पर्व के शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं व्यवस्थित आयोजन को लेकर मुजफ्फरपुर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। पर्व के दौरान विधि व्यवस्था संधारित रखने तथा सामाजिक सौहार्द बनाए रखने के उद्देश्य से जिला पदाधिकारी सुब्रत कुमार सेन एवं वरीय पुलिस अधीक्षक कांतेश कुमार मिश्र ने प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों के साथ विस्तृत समीक्षा बैठक की। बैठक में जिले भर में सुरक्षा व्यवस्था, निगरानी तंत्र, साफ-सफाई, पेयजल, स्वास्थ्य एवं विद्युत व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को पूरी सतर्कता, जिम्मेदारी एवं समन्वय के साथ कार्य करने का निर्देश देते हुए कहा कि बकरीद आपसी भाईचारे और सामाजिक सद्भाव का पर्व है। ऐसे में किसी भी परिस्थिति में शांति व्यवस्था भंग नहीं होने दी जाएगी। उन्होंने स्पष्ट कहा कि अफवाह फैलाने वाले, सामाजिक विद्वेष पैदा करने वाले तथा सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश करने वाले असामाजिक तत्वों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। जिलाधिकारी ने कहा कि सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफॉर्म पर पुलिस की पैनी नजर रहेगी। किसी भी प्रकार की भ्रामक, उत्तेजक अथवा अफवाह फैलाने वाली पोस्ट पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। इसके लिए साइबर सेल को पूरी तरह सक्रिय रहने का निर्देश दिया गया है। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिया कि सोशल मीडिया पर निगरानी बढ़ाते हुए संदिग्ध गतिविधियों में शामिल लोगों को चिन्हित कर तत्काल कानूनी कार्रवाई करें। अधिकारीद्वय ने SDO, SDPO, SHO, BDO, CO  को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमणशील रहने का निर्देश दिया गया। जिलाधिकारी ने कहा कि सभी अधिकारी संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखेंगे तथा आम लोगों के साथ संवाद स्थापित कर सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाये रखेंगे। उन्होंने कहा कि पर्व के दौरान किसी भी सूचना को हल्के में न लिया जाए तथा हर छोटी-बड़ी घटना की जानकारी त्वरित रूप से वरीय अधिकारी को दें ताकि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो। पर्व की प्रभावी मॉनिटरिंग हेतु जिला मुख्यालय स्थित इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर में विशेष नियंत्रण कक्ष कार्यरत रहेगा। कंट्रोल रूम में तीन पालियों में अधिकारियों एवं कर्मियों की प्रतिनियुक्ति की गई है ताकि चौबीसों घंटे निगरानी एवं समन्वय सुनिश्चित किया जा सके। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि कंट्रोल रूम से प्राप्त सूचनाओं पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। जिले  में शांति समिति की बैठकें आयोजित कर स्थानीय जनप्रतिनिधियों, बुद्धिजीवियों एवं विभिन्न समुदायों के लोगों के साथ समन्वय स्थापित किया गया है। जिलाधिकारी ने आम नागरिकों से आपसी भाईचारा बनाये रखने, किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न देने तथा विधि व्यवस्था संधारित रखने में अपेक्षित सहयोग प्रदान करने की अपील की है। जिलाधिकारी ने नगर निगम एवं नगर पंचायत क्षेत्रों में साफ-सफाई तथा पेयजल व्यवस्था को लेकर भी विशेष निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने नगर आयुक्त एवं सभी कार्यपालक पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि बकरीद की नमाज अदा किए जाने वाले स्थलों तथा उसके आसपास विशेष साफ-सफाई अभियान चलाया जाए। साथ ही गर्मी के मौसम को देखते हुए शुद्ध पेयजल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है। उन्होंने कहा कि लोगों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर भी प्रशासन ने व्यापक तैयारी की है। जिलाधिकारी ने सिविल सर्जन को मेडिकल टीम, एंबुलेंस एवं आवश्यक दवाओं के साथ चिकित्सा एवं पैरामेडिकल स्टाफ की प्रतिनियुक्ति नियंत्रण कक्ष में सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। उन्होंने कहा कि किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह तैयार रहे। वहीं, विद्युत व्यवस्था को लेकर भी आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए। विद्युत कार्यपालक अभियंता को पर्व के दौरान निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है। इसके लिए तकनीकी अधिकारियों एवं कर्मियों की विशेष तैनाती करने को कहा गया है ताकि किसी भी खराबी को तत्काल दूर किया जा सके। सभी अनुमंडल पदाधिकारी एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में विधि व्यवस्था के  प्रभार में रहेंगे। वहीं अपर समाहर्ता आपदा एवं पुलिस अधीक्षक ग्रामीण को विधि व्यवस्था का वरीय प्रभार का दायित्व सौंपा गया है। जिलाधिकारी श्री सेन ने जिलेवासियों से बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि मुजफ्फरपुर की पहचान आपसी भाईचारे और सामाजिक समरसता की रही है, जिसे बनाये रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने लोगों से अफवाहों से बचने, प्रशासन का सहयोग करने तथा शांति एवं सद्भाव कायम रखने में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button