वरीय पुलिस अधीक्षक द्वारा दुर्गा पूजा त्योहार को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था के बेहद सख्त निर्देश जारी

ध्रुव कुमार सिंह, हाजीपुर (वैशाली), बिहार, १३ अक्टूबर
वैशाली पुलिस द्वारा दुर्गा पूजा त्योहार को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था के बेहद सख्त निर्देश जारी किए गए हैं। त्योहारों के दौरान किसी भी अप्रिय घटना से निपटने और जिले में कानून-व्यवस्था मजबूत बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। वरीय पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सभाकक्ष में वरीय पुलिस अधीक्षक शुभांक मिश्रा की अध्यक्षता में मासिक अपराध गोष्ठी आयोजित की गई। गोष्ठी में जिले में अपराध नियंत्रण, कांडों के त्वरित निष्पादन, अनुसंधान में तेजी लाने तथा आगामी दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने को लेकर विस्तृत समीक्षा की गई एवं आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, अंचल पुलिस निरीक्षक एवं थानाध्यक्ष अपने-अपने क्षेत्र के पूजा पंडालों एवं पूजा समितियों के साथ बैठक कर सुरक्षा मानकों का अनुपालन सुनिश्चित करेंगे। सभी पूजा पंडालों में CCTV कैमरे लगाने तथा भीड़ प्रबंधन, प्रवेश एवं निकास द्वार, अग्नि सुरक्षा और आपातकालीन व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। संवेदनशील एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पर्याप्त पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति तथा नियमित गश्ती सुनिश्चित की जाएगी। सभी थाना क्षेत्रों में फ्लैग मार्च आयोजित कर आमजन में सुरक्षा का विश्वास कायम किया जाएगा। सोशल मीडिया पर भ्रामक खबरों, अफवाहों एवं आपत्तिजनक पोस्ट पर सतत निगरानी रखते हुए आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। असामाजिक तत्वों एवं उपद्रवियों को चिह्नित कर उनके विरुद्ध निरोधात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। वरीय पुलिस अधीक्षक श्री मिश्रा द्वारा अपराध नियंत्रण एवं अनुसंधान की समीक्षा के दौरान लंबित कांडों की समीक्षा करते हुए अधिकाधिक कांडों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निष्पादन करने का निर्देश दिया गया। सभी थानाध्यक्ष अपने-अपने थानों में अनुसंधान कक्ष की व्यवस्था सुनिश्चित करेंगे तथा अनुसंधानकर्ताओं को नियमित रूप से केस डायरी अद्यतन करने एवं अनुसंधान में तेजी लाने का निर्देश देंगे। गंभीर एवं संवेदनशील कांडों में त्वरित कार्रवाई करते हुए वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी। वारंट, कुर्की एवं अन्य लंबित न्यायालयीय आदेशों के निष्पादन में तेजी लाने का निर्देश दिया गया। सभी थानाध्यक्ष अपने-अपने क्षेत्र में चौकीदारों के माध्यम से रात्रिकालीन पैदल गश्ती सुनिश्चित करेंगे। चौकीदार सिटी बजाते हुए अपने निर्धारित क्षेत्रों में भ्रमणशील रहेंगे, ताकि अपराध नियंत्रण एवं संदिग्ध गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी रखी जा सके। सभी वरीय पुलिस पदाधिकारी नियमित रूप से गश्ती वाहनों की जांच करेंगे तथा पुलिसकर्मियों की ड्यूटी एवं सक्रियता का जायजा लेंगे। मद्यनिषेध कानून को प्रभावी बनाने हेतु अवैध शराब के निर्माण, बिक्री, भंडारण एवं परिवहन के विरुद्ध व्यापक छापेमारी तथा संलिप्त कारोबारियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी। वाहन चेकिंग, संदिग्ध व्यक्तियों की जांच एवं सीमावर्ती क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए गए।





