बिहारराज्यलोकल न्यूज़

जिलाधिकारी ने सभी ईआरओ एवं एईआरओ को एसआईआर के उपरांत छूटे हुए पात्र मतदाताओं तथा युवा निर्वाचकों के पंजीकरण हेतु विशेष अभियान का सफल संचालन करने का दिया निर्देश

ध्रुव कुमार सिंह, मुजफ्फरपुर, बिहार, १३ अक्टूबर

जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिला पदाधिकारी कुमार गौरव ने सभी निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों एवं सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों को विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के उपरांत छूटे हुए पात्र मतदाताओं एवं युवा निर्वाचकों के पंजीकरण हेतु विशेष अभियान का सफलतापूर्वक संचालन करने का निदेश दिया है। यह आदेश उन्होंने जिलांतर्गत सभी 11 निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों (ईआरओ) एवं 74 सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों (एईआरओ) को दिया है। जिलाधिकारी ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देश के आलोक में मुजफ्फरपुर जिला में निर्वाचक सूची में छूटे हुए पात्र मतदाताओं तथा पहली बार अर्हता-प्राप्त युवा मतदाताओं के पंजीकरण के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। यह सभी 11 विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में दिनांक 08 अक्टूबर, 2026 से प्रारंभ हुआ है जो एक माह तक चलेगा। जिला के सभी 4,186 मतदान केंद्रों पर विशेष कैंप का आयोजन किया जा रहा है। जिलाधिकारी ने कहा कि अभियान के तहत पात्र नागरिकों की पहचान कर उनका नाम निर्वाचक सूची में शामिल करने की कार्रवाई की जा रही है। विशेष अभियान के प्रथम चरण में सभी मतदान केन्द्र स्तरीय पदाधिकारियों (BLOs) द्वारा विशेष गहन पुनरीक्षण से पूर्व की निर्वाचक सूची एवं वर्तमान निर्वाचक सूची का मिलान किया जा रहा है। ऐसे मतदाताओं की पहचान की जा रही है जिनके नाम पूर्व की सूची में दर्ज थे, लेकिन वर्तमान सूची में शामिल नहीं हैं। साथ ही ASD (अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृत एवं दोहरी प्रविष्टि) मतदाताओं की सूची तथा अंतिम निर्वाचक सूची में हुए परिवर्तनों को भी ध्यान में रखते हुए पात्र मतदाताओं की पहचान की जा रही है। इस अभियान के अंतर्गत मतदान केंद्र स्तरीय पदाधिकारी (BLO) द्वारा घर-घर जाकर गृह सत्यापन (House-to-House Verification) किया जाएगा। सत्यापन के दौरान पात्र पाए जाने वाले ऐसे व्यक्तियों, जिनका नाम अभी तक निर्वाचक सूची में दर्ज नहीं है, का प्रपत्र-6 के माध्यम से पंजीकरण सुनिश्चित किया जाएगा। यह कार्रवाई एक माह के अंदर पूर्ण की जानी है। हाउस-टू-हाउस वेरिफिकेशन के दौरान यह भी सुनिश्चित किया जाएगा कि वह वर्तमान में संबंधित पते पर निवास कर रहा है अथवा नहीं तथा पंजीकरण हेतु पात्र है या नहीं। जिलाधिकारी ने कहा कि योग्य मतदाताओं को सहायता के लिए सम्पूर्ण निर्वाचन तंत्र तत्पर है। उन्होंने कहा कि युवा एवं पहली बार मतदान के लिए पात्र नागरिकों को अभियान से जोड़ने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। जिलाधिकारी ने कहा कि मतदान केंद्र स्तरीय पदाधिकारियों द्वारा गृह सत्यापन के क्रम में चिन्हित पात्र व्यक्तियों की सूची मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों/बूथ लेवल एजेंट (BLA) के साथ भी साझा की जाएगी, ताकि निर्वाचक सूची में नाम जोड़ने की प्रक्रिया अधिक पारदर्शी एवं सहभागी तरीके से संपन्न हो सके। जिलाधिकारी ने कहा कि पात्र नागरिकों के पंजीकरण को सुगम बनाने के लिए जिला के सभी 4,186 पोलिंग स्टेशन पर विशेष कैंप का आयोजन किया जा रहा है। इन कैंपों के माध्यम से नागरिकों को निर्वाचक सूची में नाम दर्ज कराने, प्रपत्र-6 भरने तथा निर्वाचन संबंधी आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी। इसके अतिरिक्त, आवश्यकता के अनुसार रात्रि आश्रय स्थलों, श्रमिक कॉलोनियों, गरीब एवं वंचित बस्तियों तथा कमजोर वर्ग के लोगों के बीच विशेष कैंप आयोजित कर पात्र व्यक्तियों का निर्वाचक सूची में पंजीकरण सुनिश्चित किया जाएगा, ताकि कोई भी पात्र नागरिक निर्वाचक सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे। जिलाधिकारी ने कहा कि मतदाता पंजीकरण एक सतत प्रक्रिया है तथा कोई भी पात्र व्यक्ति, जिसका नाम अभी तक निर्वाचक सूची में दर्ज नहीं है, निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार किसी भी समय नामांकन हेतु आवेदन कर सकते हैं। जिलाधिकारी ने कहा कि निर्वाचकों के पंजीकरण के लिए चलाए जा रहे इस विशेष अभियान की नियमित निगरानी एवं पर्यवेक्षण जिला स्तर से किया जा रहा है। अर्हता प्राप्त व्यक्तियों का पंजीकरण सुगमतापूर्वक हो यह सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की आवश्यकता पड़ने पर कोई भी व्यक्ति 4,186 बीएलओ; 74 एईआरओ; 11 ईआरओ या जिला निर्वाचन कार्यालय से सम्पर्क कर सकते हैं। जिला निर्वाचन पदाधिकारी द्वारा सभी पात्र नागरिकों से भी अपील की गई है कि वे इस विशेष अभियान में सक्रिय रूप से भाग लें। जिनका नाम वर्तमान सूची में नहीं है, वे बीएलओ द्वारा घर-घर सत्यापन के दौरान उनको जानकारी उपलब्ध कराएं तथा प्रपत्र-6 के माध्यम से नाम जुड़वाने की प्रक्रिया पूरी करें। साथ ही मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों, जनप्रतिनिधियों, शैक्षणिक संस्थानों, सामाजिक संगठनों एवं आम नागरिकों से भी अपील की गई है कि वे इस अभियान में सक्रिय रूप से सहभागी बनें, ताकि कोई भी पात्र नागरिक निर्वाचक सूची में नाम शामिल होने से वंचित न रहे। जिलाधिकारी ने छूटे हुए सभी वयस्क नागरिकों विशेषकर फर्स्ट टाईम वोटर्स, छात्र-छात्राओं, युवाओं तथा महिलाओं से अधिक-से-अधिक संख्या में मतदाता सूची में अपना नाम जुड़वाने का आह्वान किया। जिलाधिकारी ने कहा कि हमारा लोकतंत्र दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र है। हमारे महान संविधान निर्माताओं द्वारा संविधान में सार्वभौम वयस्क मताधिकार का जो प्रावधान किया गया है वह अतुलनीय एवं बहुमूल्य है। जागरूक मतदाता हमारे समृद्ध लोकतंत्र की रीढ़ हैं तथा समावेशी एवं त्रुटिरहित मतदाता सूची पूरे निर्वाचन प्रक्रिया का आधार है। उन्होंने कहा कि निर्वाचक सूची में नाम रहना मताधिकार का प्रयोग करने की पहली शर्त है। अतः सभी पात्र लोगों को फोटो निर्वाचक सूची में नाम शामिल कराने के लिए पंजीकरण अवश्य करना चाहिए। इससे हमारा गौरवशाली लोकतंत्र और प्रस्फुटित होगा तथा इसे एक नया आयाम मिलेगा। जिलाधिकारी ने कहा कि हम सभी इसके लिए विशेष प्रयास करें कि निर्वाचक नामावली (मतदाता सूची) से कोई भी मतदाता छूटे न (नो वोटर टू बी लेफ्ट बिहाइण्ड)। इसके लिए सभी हितधारक सजग, तत्पर एवं सक्रिय रहें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button