Uncategorized

जनगणना-2027 के अंतर्गत सभी परिवार स्व-गणना प्रक्रिया में बढ़-चढ़कर भाग लें और अपने परिवार की सही एवं पूर्ण जानकारी दर्ज करें- रिची पाण्डेय, जिलाधिकारी

ध्रुव कुमार सिंह, सीतामढ़ी, बिहार, २१ अप्रैल

बिहार में जनगणना-2027 की शुरुआत 17 अप्रैल 2026 से हो गई है। पहले चरण में राज्य के लोगों को खुद अपनी जानकारी ऑनलाइन भरने का मौका मिलेगा। यह स्व-गणना प्रक्रिया 17 अप्रैल से 1 मई 2026 तक चलेगी। इस दौरान लोग घर बैठे जनगणना पोर्टल पर जाकर अपने परिवार और मकान से जुड़ी जानकारी दर्ज कर सकेंगे। इस संबंध में सीतामढ़ी समाहरणालय स्थित विमर्श सभा कक्ष में आयोजित प्रेस ब्रीफिंग में जिलाधिकारी रिची पाण्डेय  ने मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार ने इसके लिए आधिकारिक पोर्टल https://se.census.gov.in शुरू किया है. इस पोर्टल पर परिवार के मुखिया के नाम,10 अंकों का मोबाइल नंबर, ई-मेल आईडी (वैकल्पिक) दर्ज करना है। रजिस्ट्रेशन के बाद नागरिकों को 33 सवालों के जवाब भरने होंगे। इन सवालों में मकान की स्थिति, फर्श, दीवार और छत किससे बनी है, कितने लोग रहते हैं, परिवार के सदस्यों की संख्या, पानी, बिजली, शौचालय, रसोई, गैस कनेक्शन, इंटरनेट, मोबाइल, वाहन और दूसरी जरूरी सुविधाओं की जानकारी मांगी जाएगी। उन्होंने कहा कि ऑनलाइन फॉर्म भरने के बाद हर परिवार को एक सेल्फ एन्यूमरेशन आईडी मिलेगी। इस आईडी को संभालकर रखना जरूरी होगा। अगले महीने जब प्रगणक घर आएंगे, तब यही आईडी उन्हें दिखानी होगी। इसके आधार पर वे दर्ज की गई जानकारी को वेरीफाई करेंगे। उन्होंने कहा कि इस नई व्यवस्था से आम लोगों की सीधी भागीदारी बढ़ेगी। इससे जनगणना का काम ज्यादा सटीक, तेज और आधुनिक बनेगा। उन्होंने कहा कि यह कदम जनगणना प्रक्रिया को पूरी तरह डिजिटल बनाने की दिशा में अहम पहल है। जिलाधिकारी ने जिलेवासियों से अपील की है कि इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य में आप सभी की सक्रिय भागीदारी अपेक्षित है। स्व-गणना के माध्यम से अब प्रत्येक नागरिक स्वयं अपने परिवार एवं सदस्यों से संबंधित जानकारी ऑनलाइन पोर्टल/मोबाइल ऐप के जरिए सुरक्षित एवं सरल तरीके से दर्ज कर सकता है।उन्होंने कहा कि सभी परिवार स्व-गणना प्रक्रिया में बढ़-चढ़कर भाग लें। अपने परिवार की सही एवं पूर्ण जानकारी दर्ज करें। किसी भी प्रकार की भ्रांति या अफवाहों से बचें। जनगणना न केवल जनसंख्या का आकलन है, बल्कि यह सरकार की योजनाओं, संसाधनों के वितरण एवं विकास कार्यों की आधारशिला भी है। अतः आपकी सही जानकारी जिले एवं देश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। हम सभी मिलकर इस राष्ट्रीय दायित्व का निर्वहन करें और अपने जिले को पूर्ण एवं सटीक जनगणना में अग्रणी भूमिका निभाएं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button