सीतामढ़ी इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (SIT) में विद्यार्थियों की शैक्षणिक और बुनियादी समस्याओं के समाधान के लिए ‘विद्यार्थी सहयोग शिविर’ का किया गया आयोजन

ध्रुव कुमार सिंह, सीतामढ़ी, बिहार, २५ अगस्त
सीतामढ़ी इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (SIT), गोसाईपुर में विद्यार्थियों की शैक्षणिक और बुनियादी समस्याओं के समाधान के लिए ‘विद्यार्थी सहयोग शिविर’ का आयोजन किया गया। मौके पर जिलाधिकारी तनय सुल्तानिया, पुलिस अधीक्षक अमित रंजन एवं डीपीआरओ कमल सिंह के साथ महाविद्यालय के प्राचार्य तथा अन्य शिक्षक उपस्थित थे। ‘विद्यार्थी सहयोग शिविर’ में जिलाधिकारी श्री सुल्तानिया नें विद्यार्थियों से सीधा संवाद करते हुए कहा की इस शिविर का उद्देश्य छात्रों की पढ़ाई, परीक्षा, परिणाम, शुल्क, हॉस्टल, बिजली, पेयजल और साफ-सफाई से जुड़ी शिकायतों का मौके पर सुनना और उनका समाधान करना है। शिविर में दर्ज की गई शिकायतों का निवारण अधिकतम 30 दिनों के भीतर सुनिश्चित किया जायेगा। उन्होंने कहा की छात्र अपनी समस्याएं और सुझाव विद्यार्थी सहयोग पोर्टल या टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 1100 के जरिए भी दर्ज और ट्रैक कर सकते हैं। उन्होंने कहा की बिहार सरकार के निर्देशानुसार यह शिविर अब प्रत्येक माह के चौथे मंगलवार को आयोजित किया जाएगा। जिलाधिकारी ने विद्यार्थियों से संवाद के दौरान महाविद्यालय में संचालित शैक्षणिक गतिविधियों एवं उपलब्ध सुविधाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की। विद्यार्थियों ने प्रयोगशालाओं, पुस्तकालय, तकनीकी संसाधनों, छात्रावास, परीक्षा व्यवस्था, करियर एवं प्लेसमेंट सहित विभिन्न विषयों से संबंधित अपनी समस्याओं एवं सुझावों से जिला पदाधिकारी को अवगत कराया। जिला जनसम्पर्क अधिकारी कमल सिंह नें बताया की जिले के कुल 61 शैक्षणिक संस्थानों में विद्यार्थी सहयोग शिविर का आयोजन किया गया। निर्धारित स्थलों पर जिलाधिकारी, उप-विकास आयुक्त, पुलिस अधीक्षक तथा अन्य वरीय अधिकारियों द्वारा अलग-अलग शैक्षिक संस्थानों में सहयोग शिविर में अपनी भागीदारी सुनिश्चित की गई एवं उपस्थित छात्र-छात्राओं से संवाद स्थापित किया गया।





