बाबासाहेब भीमराव अम्बेडकर बिहार विश्वविद्यालय (BRABU) में ‘नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत-संकल्प’ अभियान का शुभारंभ

ध्रुव कुमार सिंह, मुजफ्फरपुर, बिहार, ०२ अगस्त
बाबासाहेब भीमराव अम्बेडकर बिहार विश्वविद्यालय (BRABU) में ‘नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत-संकल्प’ के राष्ट्रीय अभियान का शुभारंभ किया गया। कुलपति प्रो.दिनेश चंद्र राय के नेतृत्व में विश्वविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) इकाई द्वारा इस विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम बिहार विश्वविद्यालय के केंद्रीय पुस्तकालय स्थित सीनेट हॉल में आयोजित हुआ। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के अधिकारियों, प्राध्यापकों, एनएसएस स्वयंसेवकों और भारी संख्या में छात्र-छात्राओं ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। कार्यक्रम के मुख्य आकर्षण के रूप में, उपस्थित सभी लोगों को प्रधानमंत्री के प्रेरक संबोधन का सीधा प्रसारण (Live Streaming) दिखाया गया। प्रधानमंत्री जी ने अपने संबोधन में देश को नशामुक्त बनाने और विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भागीदारी पर विशेष जोर दिया। प्रधानमंत्री के संबोधन से प्रेरित होकर कुलपति प्रो.राय के नेतृत्व में सीनेट हॉल में मौजूद सभी लोगों ने देश और समाज को नशामुक्त बनाने का दृढ़ संकल्प लिया। उपस्थित जनसमूह ने शपथ ली कि वे न केवल स्वयं नशे से दूर रहेंगे, बल्कि अपने आस-पास के लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करेंगे। कुलपति ने इस अवसर पर कहा कि युवा शक्ति ही राष्ट्र की असली पूंजी है। यदि हमारी युवा पीढ़ी नशामुक्त और स्वस्थ रहेगी, तभी ‘विकसित भारत’ का सपना साकार हो सकेगा। इस अवसर पर कुलानुशासक प्रो.बिपिन कुमार राय, छात्र कल्याण संकायाध्यक्ष प्रो.आलोक प्रताप सिंह, समाज विज्ञानं संकाय के संकायाध्यक्ष प्रो.सुनील कुमार, विश्वविद्यालय भौतिकी विभाग के विभागाध्यक्ष प्रो.ललन कुमार झा, आईक्यूएसी कोऑर्डिनेटर प्रो.नवेदुल हक, पूर्व उप-कुलसचिव डॉ.विनोद बैठा तथा अन्य पदाधिकारी तथा शिक्षक सहित विश्वविद्यालय के कर्मचारी, एनएसएस स्वयंसेवक, पीजी और यूजी विभागों के छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) की समन्वयक डॉ. अनुराधा पाठक नें तथा धन्यवाद ज्ञापन डॉ.साकेत कुमार ने किया।






