महंथ दर्शन दास महिला महाविद्यालय (MDDM College) में जिला प्रशासन द्वारा मतदाता जागरूकता कार्यक्रम का किया गया आयोजन

ध्रुव कुमार सिंह, मुजफ्फरपुर, बिहार, २८ जुलाई
महंथ दर्शन दास महिला महाविद्यालय (MDDM College) में जिला प्रशासन द्वारा निर्वाचन साक्षरता क्लब (ईएलसी) के तत्वाधान में मतदाता जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से छात्राओं को लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं में भाग लेने और मतदान के महत्व के प्रति जागरूक किया गया। मुजफ्फरपुर के जिलाधिकारी (DM) कुमार गौरव द्वारा कार्यक्रम के दौरान युवा मतदाताओं को विशेष निर्देश दिए गए. विद्यार्थियों एवं प्राध्यापकों के नाम अपने संदेश में जिलाधिकारी ने अर्हता-प्राप्त सभी विद्यार्थियों से मतदाता सूची में अपना नाम शामिल कराने सहित सम्पूर्ण निर्वाचन प्रक्रिया में सक्रिय रूप से भाग लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि हमारा लोकतंत्र दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र है। हमारे महान संविधान निर्माताओं द्वारा संविधान में सार्वभौम वयस्क मताधिकार का जो प्रावधान किया गया है वह अतुलनीय एवं बहुमूल्य है। त्रुटिरहित मतदाता सूची पूरे निर्वाचन प्रक्रिया का आधार है। निर्वाचक सूची में नाम रहना वोट देने की पहली शर्त है। इसके बिना आप मत नहीं दे सकते। अतः सभी पात्र विद्यार्थियों को फोटो निर्वाचक सूची में नाम शामिल कराने के लिए पंजीकरण अवश्य करना चाहिए। जिलाधिकारी ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा पंजीकरण की प्रक्रिया को भी काफी आसान कर दिया गया है। निर्वाचक सूची (Voter List) में नाम दर्ज होना वोट देने की पहली अनिवार्य शर्त है। ऐसे सभी पात्र छात्र-छात्राएं और नागरिक जिन्होंने 18 वर्ष की आयु पूरी कर ली है, वे अपना नाम मतदाता सूची में अनिवार्य रूप से जुड़वाएं। लोकतंत्र को मजबूत करने के लिए कॉलेज की छात्राओं और युवाओं को बढ़-चढ़कर चुनावी प्रक्रिया का हिस्सा बनने के लिए प्रेरित किया गया है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महाविद्यालय की छात्राओं, प्राध्यापकों एवं अधिकारियों ने भाग लिया। इस अवसर पर उप-निर्वाचन पदाधिकारी सत्यप्रिय कुमार के नेतृत्व में मुजफ्फरपुर जिला निर्वाचन विभाग की टीम द्वारा मतदाताओं को जागरूक करने के लिए विविध प्रकार की गतिविधियों का आयोजन किया गया। निर्वाचन के विभिन्न पहलुओं पर छात्राओं के बीच क्विज, प्रश्नोत्तर तथा पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता आयोजित किया गया। एनसीसी छात्राओं की टीम द्वारा वोट के महत्व पर आधारित एक अत्यंत मनमोहक एवं ज्ञान-वर्द्धक नुक्कड़-नाटक का मंचन किया गया। कार्यक्रम में उप-निर्वाचन पदाधिकारी श्री कुमार नें कहा की पात्र छात्राएं और नागरिक जो अपना नाम मतदाता सूची में शामिल कराना चाहते हैं, वे ऑनलाइन माध्यम (Voter Helpline App): अपने स्मार्टफोन पर ‘Voter Helpline’ ऐप डाउनलोड करके Form 6 भर सकते हैं। भारत निर्वाचन आयोग के राष्ट्रीय मतदाता सेवा पोर्टल (NVSP) या Voters’ Service Portal पर जाकर ऑनलाइन पंजीकरण कर सकते हैं। अपने नजदीकी मतदान केंद्र के बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) से मिलकर ऑफलाइन फॉर्म जमा कर सकते हैं। डीपीआरओ लोकेश कुमार झा द्वारा निर्वाचन प्रक्रिया के विभिन्न पहलुओं यथा स्वीप कार्यक्रम, कैम्पस एम्बेसडर की भूमिका, विविध स्टेकहोल्डर्स, भारत निर्वाचन आयोग द्वारा दी जा रही सुविधाओं इत्यादि पर विस्तार से प्रकाश डाला गया। इस अवसर पर कॉलेज के प्राचार्या डॉ.अलका जायसवाल तथा अवर निर्वाचन पदाधिकारियों ने भी संबोधित किया एवं विद्यार्थियों को मतदाता सूची में नाम शामिल कराकर एक सजग एवं सफल नागरिक बनने के लिए प्रोत्साहित किया। कार्यक्रम के दौरान आयोजित प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में जिन छात्राओं ने महत्त्वपूर्ण स्थान प्राप्त किया, उनमें दिव्यलता, निकिता, अक्षिता, अंशु, निशि, निधि, मुस्कान, अरिजीता शामिल है। राष्ट्रीय सेवा योजना की छात्राओं खुशी साक्षी राज, नीतू कुमारी, नम्रता, आलीशा समसी ने पोस्टर प्रस्तुत किया। एनसीसी की छात्राओं आकांक्षा, अनामिका, मृणाल, प्रिया, निकिता, निधि, लक्ष्मी, सलोनी, गुंजा, संगीता, दीप ज्योति, जिया, सोनम, रितु, सौम्या, कनकलता, परिधि, निकिता सिंह, प्रिया, अरिजीता, नेहा, श्रेया,, अंजलि ने “मतदाता का महत्त्व ” नाटक प्रस्तुत किया कार्यक्रम में निर्वाचन साक्षरता क्लब, एमडीडीएम काँलेज की गणित विभागाध्यक्ष डॉ.माला को नोडल और कार्यकारिणी समिति सदस्य डॉ.रिंकु कुमारी और डॉ.प्रियम फ्रांसिस को बनाया गया। संगीत विभाग की छात्राओं ने स्वागत गान गाया। कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ.कुमारी सरोज ने मंच संचालन डॉ.रिंकु कुमारी ने और धन्यवाद ज्ञापन डॉ.माला ने किया।






