पुलिस अधीक्षक द्वारा प्रातःकालीन भ्रमण, गश्ती एवं जनसंवाद कर सुरक्षा व्यवस्था का लिया गया जायजा

ध्रुव कुमार सिंह, वैशाली, बिहार, २८ जुलाई
पुलिस अधीक्षक, वैशाली शुभांक मिश्रा द्वारा नगर थाना क्षेत्र का व्यापक भ्रमण कर विधि-व्यवस्था एवं सुरक्षा व्यवस्था का स्थलीय निरीक्षण किया गया। इस दौरान क्षेत्र में संचालित गश्ती दलों एवं वाहन जांच अभियान का निरीक्षण करते हुए पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों को सतर्क, सक्रिय एवं जनोन्मुखी पुलिसिंग सुनिश्चित करने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। भ्रमण के क्रम में पुलिस अधीक्षक ने स्थानीय नागरिकों, व्यवसायियों एवं आम लोगों से मुलाकात कर क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था, पुलिस गश्ती, यातायात एवं कानून-व्यवस्था के संबंध में उनका फीडबैक प्राप्त किया। आमजन द्वारा दिए गए सुझावों एवं समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए उनके त्वरित एवं प्रभावी समाधान हेतु संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए। गौरतलब है की वैशाली के पुलिस अधीक्षक (एसपी) श्री मिश्रा द्वारा कानून-व्यवस्था को मजबूत करने और जनता में सुरक्षा की भावना बढ़ाने के लिए नियमित पैदल भ्रमण, गश्ती निरीक्षण और जनसंवाद व सीधा संपर्क अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक द्वारा नगर एवं संवेदनशील क्षेत्रों में पैदल भ्रमण कर तैनात पुलिसकर्मियों की चौकस और मुस्तैद स्थिति का जायजा लिया गया। शहरी क्षेत्रों में स्वर्ण व्यापारियों और दुकानदारों से मिलकर उनकी सुरक्षा से जुड़ी समस्याओं व सुझावों को सुना गया तथा आपात स्थिति में डायल 112 या स्थानीय थाने से संपर्क करने की अपील की गई। जिले के विभिन्न थानों का औचक निरीक्षण कर रात्रि गश्ती, संतरी ड्यूटी और लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन के निर्देश दिए गए। जनसंवाद कार्यक्रमों और सीधे संपर्क के दौरान नागरिकों की शिकायतों को गंभीरता से सुना गया। सभी थाना प्रभारियों को यह स्पष्ट निर्देश दिया गया है कि थाने में आने वाले हर पीड़ित के आवेदन पर त्वरित रूप से प्राथमिकी (FIR) दर्ज की जाए।





