बिहारराज्यलोकल न्यूज़

मुहर्रम को लेकर प्रशासन सतर्क, डीएम-एसएसपी ने शहर मे भ्रमण कर स्थिति का लिया जायजा, जिलावासियों से शांति सद्भाव बनाये रखने एवं सहयोग की अपील

ध्रुव कुमार सिंह, मुजफ्फरपुर, बिहार, २४ जून  

मुहर्रम पर्व के शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं व्यवस्थित आयोजन को लेकर मुजफ्फरपुर जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय है। पर्व के दौरान विधि-व्यवस्था बनाये रखने तथा सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के उद्देश्य से जिलाधिकारी कुमार गौरव एवं वरीय पुलिस अधीक्षक कांतेश मिश्रा ने अधिकारियों की टीम के साथ शहर के विभिन्न महत्वपूर्ण  स्थलों एवं मार्गों का भ्रमण किया। इस दौरान नगर आयुक्त ऋतुराज प्रताप सिंह, अपर समाहर्ता (राजस्व) प्रशांत कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी पूर्वी तुषार कुमार सहित कई प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारी उपस्थित थे। इस दौरान उन्होंने संबंधित क्षेत्रों की स्थिति का निरीक्षण किया तथा स्थानीय लोगों से बातचीत कर आवश्यक फीडबैक भी प्राप्त किया। निरीक्षण के क्रम में जिलाधिकारी एवं वरीय पुलिस अधीक्षक ने कर्बला, कमरा मोहल्ला ईदगाह, दाता कंबल शाह मजार, रोहुआ तथा आपूच गौशाला सहित कई महत्वपूर्ण स्थानों का दौरा किया। अधिकारियों ने मुहर्रम के अवसर पर निकलने वाले ताजिया जुलूसों, श्रद्धालुओं की आवाजाही तथा भीड़ प्रबंधन को लेकर की जा रही तैयारियों की वास्तविक स्थिति का जायजा लिया साथ ही संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिये। भ्रमण के दौरान जिलाधिकारी ने स्थानीय नागरिकों, समाज के गणमान्य व्यक्तियों तथा मुहर्रम आयोजन से जुड़े लोगों से संवाद स्थापित किया। लोगों ने प्रशासन द्वारा की जा रही तैयारियों पर संतोष व्यक्त करते हुए आवश्यक सुझाव भी दिए। मुहर्रम आस्था और परंपरा से जुड़ा महत्वपूर्ण पर्व है, जिसका आयोजन आपसी भाईचारे, शांति एवं सौहार्द के वातावरण में होना चाहिए।  प्रशासन की प्राथमिकता है कि पर्व के दौरान कहीं भी किसी प्रकार की असुविधा या विधि-व्यवस्था संबंधी समस्या उत्पन्न न हो। वरीय पुलिस अधीक्षक ने कहा कि जिले में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए व्यापक तैयारी की गई है।  अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती से लेकर क्यूआरटी तथा साइबर सेल सक्रिय एवं तत्पर रहेंगे तथा सभी गतिविधियों पर सतत निगरानी रखी जाएगी। उन्होंने आम लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल प्रशासन या पुलिस को देने की अपील की। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग, यातायात प्रबंधन तथा अन्य बुनियादी व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया। संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि मुहर्रम से पूर्व सभी आवश्यक तैयारियां समय पर पूरी कर ली जाएं ताकि लोगों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। जिलाधिकारी एवं वरीय पुलिस अधीक्षक ने जिलेवासियों से मुहर्रम पर्व के अवसर पर शांति, सद्भाव और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने की अपील की है। उन्होंने कहा कि सभी समुदायों के सहयोग से ही किसी भी पर्व का सफल एवं शांतिपूर्ण आयोजन संभव है। प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और पर्व को शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button