नाला निर्माण के दौरान पीएनजी (PNG) गैस पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने और विस्फोट की घटना की जांच के लिए इंक्वायरी कमिटी गठित, घटना में मृतक की धर्मपत्नी को ₹ 4 लाख की सहायता राशि प्रदान की गई

ध्रुव कुमार सिंह, मुजफ्फरपुर, बिहार, ०३ नवम्बर
गोबरसही-डुमरी सड़क पर नाला निर्माण के दौरान गैस पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने एवं विस्फोट की घटना की जिला प्रशासन द्वारा उच्च-स्तरीय जांच कराई जा रही है। जिलाधिकारी कुमार गौरव द्वारा अपर समाहर्ता, आपदा प्रबंधन की अध्यक्षता में चार-सदस्यीय इंक्वायरी कमिटी गठित की गई है। इसमें अनुमंडल पदाधिकारी, मुजफ्फरपुर पूर्वी; जिला अग्निशमन पदाधिकारी एवं भवन कार्यपालक अभियंता को शामिल किया गया है। समिति को विधिवत जाँच कर सारगर्भित, तथ्यपरक एवं विस्तृत रिपोर्ट देने का निर्देश दिया गया है। जिलाधिकारी ने कहा कि यह दुर्घटना किस परिस्थिति में एवं लापरवाही के कारण घटित हुई, इसे ध्यान में रखते हुए इसके विभिन्न पहलुओं की जाँच आवश्यक है। जाँच कमिटी को निदेश दिया गया है कि इस घटना की विस्तृत जाँच करते हुए जाँच प्रतिवेदन अविलम्ब उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए। जिलाधिकारी ने कहा कि समिति को यह भी निर्देश दिया गया है कि भविष्य में इस प्रकार की दुर्घटना न हो, के संबंध में आवश्यक सुझाव उपलब्ध कराना सुनिश्चित करेंगे। ऐसी घटनाओं पर रोक लगाने के लिए एसओपी तैयार किया जाएगा जिसका दृढ़ता से अनुपालन सुनिश्चित कराया जाएगा। विस्फोट की घटना में मृतक श्रीनिवास सिंह की धर्मपत्नी निभा कुमारी को जिला प्रशासन, मुजफ्फरपुर द्वारा सरकार द्वारा निर्धारित प्रावधानों के अनुरूप ₹ 4 लाख की सहायता राशि प्रदान की गई। विदित हो की सदर थाना क्षेत्र के गोबरसही-डुमरी रोड में जेसीबी मशीन से नाले के निर्माण के लिए खुदाई के दौरान भूमिगत पीएनजी गैस पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई थी, जिससे गैस रिसाव के बाद जोरदार विस्फोट हुआ। इस दर्दनाक हादसे में एक व्यक्ति (श्रीनिवास सिंह) की मौत हो गई थी और कई अन्य लोग घायल हुए थें, जिनका इलाज अस्पताल में जारी है। इसके अलावा आसपास के घरों और वाहनों को भी नुकसान पहुंचा था।





