जिलाधिकारी ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC), कुढ़नी का किया औचक निरीक्षण – व्यवस्थाओं में सुधार के लिए अधिकारियों को दिया 7 दिनों का अल्टीमेटम

ध्रुव कुमार सिंह, मुजफ्फरपुर, बिहार, २२ सितम्बर
जिलाधिकारी कुमार गौरव ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC), कुढ़नी का औचक निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं में सुधार के लिए अधिकारियों को 7 दिनों का अल्टीमेटम दिया है। ओपीडी, इमरजेंसी वार्ड, प्रसव कक्ष और ऑपरेशन थिएटर की स्थिति का जायजा लेने के दौरान अस्पताल परिसर में गंदगी और कई प्रकार की कमियां मिलने पर डीएम ने नाराजगी जताई। प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी और ब्लॉक हेल्थ मैनेजर को सभी कमियों को दूर करने के लिए अंतिम रूप से 7 दिन का समय दिया गया है। तय समय के बाद दोबारा निरीक्षण किया जाएगा। कुढ़नी सीएचसी में अगले 7 से 10 दिनों में सी-सेक्शन (सिजेरियन) प्रसव की सुविधा शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है। निर्धारित अवधि के भीतर सुधार न होने पर संबंधित अधिकारियों और कर्मियों के खिलाफ कठोर विभागीय व अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। जिलाधिकारी ने निरीक्षण के बाद सिविल सर्जन, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी, जिला कार्यक्रम प्रबंधक, प्रखण्ड कार्यक्रम प्रबंधक एवं अन्य अधिकारियों तथा चिकित्सकों के साथ स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा की तथा कमियां दूर करने का निदेश दिया। जिलाधिकारी ने कहा कि आम जनता द्वारा अस्पताल की कुव्यवस्था के बारे में लगातार शिकायत की जा रही थी।





