वरीय पुलिस अधीक्षक की अध्यक्षता एवं पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) की उपस्थिति में मासिक अपराध गोष्ठी आयोजित

ध्रुव कुमार सिंह, हाजीपुर (वैशाली), बिहार, १२ सितम्बर
वरीय पुलिस अधीक्षक शुभांक मिश्रा की अध्यक्षता एवं पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण), सोनू कुमार राय की उपस्थिति में मासिक अपराध गोष्ठी का आयोजन किया गया। गोष्ठी के दौरान जिले में अपराध नियंत्रण, विधि-व्यवस्था एवं पुलिसिंग की स्थिति की समीक्षा की गई। इस क्रम में वरीय पुलिस अधीक्षक द्वारा सभी थानाध्यक्षों एवं संबंधित पुलिस पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। वरीय पुलिस अधीक्षक द्वारा लंबित कांडों का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निष्पादन, गंभीर एवं जघन्य कांडों में फरार चल रहे अभियुक्तों की गिरफ्तारी तथा अपराध नियंत्रण हेतु प्रभावी एवं सघन कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया। जिले में अवैध शराब के निर्माण, खरीद-बिक्री, परिवहन एवं सेवन पर पूर्णतः रोक लगाने हेतु लगातार छापेमारी एवं प्रभावी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। कम्युनिटी पुलिसिंग एवं जनोन्मुखी पुलिसिंग को और प्रभावी बनाने, आम नागरिकों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा उनकी समस्याओं के त्वरित निराकरण हेतु सभी थानाध्यक्षों को संवेदनशीलता एवं तत्परता के साथ कार्य करने का निर्देश दिया गया। बाढ़ से प्रभावित थाना क्षेत्रों में पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों को सक्रिय एवं सतर्क रहते हुए स्थानीय प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर राहत एवं बचाव कार्यों में आवश्यक सहयोग प्रदान करने तथा प्रभावित लोगों तक हरसंभव सहायता पहुंचाने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। वरीय पुलिस अधीक्षक द्वारा सभी पुलिस पदाधिकारियों को कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अपराध पर प्रभावी नियंत्रण एवं आमजन की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए पूरी संवेदनशीलता, तत्परता एवं जवाबदेही के साथ कर्तव्यों का निर्वहन करने का निर्देश दिया गया। विगत माह में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिस पदाधिकारी एवं कर्मियों को वरीय पुलिस अधीक्षक एवं पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) द्वारा प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।







