मेरा युवा भारत सीतामढ़ी के सहयोग से सदर अस्पताल में रक्तदान शिविर आयोजित- स्वतंत्रता दिवस पखवाड़े के तहत युवाओं ने दिया मानव सेवा का संदेश

ध्रुव कुमार सिंह, सीतामढ़ी, बिहार, ०९ अगस्त
जिलाधिकारी रिची पाण्डेय की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पखवाड़ा मनाए जाने के निर्णय के आलोक में 09 अगस्त को रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। मेरा युवा भारत (MY Bharat), सीतामढ़ी द्वारा जिला प्रशासन एवं जिला स्वास्थ्य विभाग, सीतामढ़ी के सहयोग से सदर अस्पताल, सीतामढ़ी स्थित रक्त केंद्र में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। रक्तदान शिविर प्रातः 10:00 बजे से शाम 04:00 बजे तक चला। शिविर में युवाओं एवं अन्य लोगों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए स्वैच्छिक रक्तदान किया। मेरा युवा भारत के स्वयंसेवकों ने भी रक्तदान कर मानव सेवा की इस पहल में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की तथा अन्य युवाओं को भी रक्तदान के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर रक्तदाताओं को रक्तदान के महत्व के बारे में जानकारी देते हुए बताया गया कि रक्तदान महादान है। एक व्यक्ति द्वारा किया गया रक्तदान किसी जरूरतमंद व्यक्ति के जीवन को बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। शिविर का उद्देश्य युवाओं एवं आम नागरिकों में स्वैच्छिक रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने में सहयोग करना था। इस अवसर पर जिला युवा अधिकारी, मेरा युवा भारत राकेश कुमार ने कहा कि, “रक्तदान मानव सेवा का सबसे श्रेष्ठ उदाहरण है। एक व्यक्ति द्वारा किया गया रक्तदान किसी जरूरतमंद के जीवन को बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। मेरा युवा भारत का उद्देश्य युवाओं को केवल कार्यक्रमों से जोड़ना नहीं, बल्कि उन्हें सामाजिक सरोकारों एवं राष्ट्र निर्माण की गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करना है। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित पखवाड़े के तहत इस रक्तदान शिविर के माध्यम से युवाओं में सेवा, संवेदना और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को और मजबूत करने का प्रयास किया गया है।” उन्होंने रक्तदान करने वाले सभी रक्तदाताओं तथा शिविर के सफल आयोजन में सहयोग देने वाले जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग की पूरी टीम के प्रति आभार व्यक्त किया। शिविर के सफल संचालन में सिविल सर्जन, सीतामढ़ी, उपाधीक्षक, सदर अस्पताल, सीतामढ़ी, अस्पताल प्रबंधन एवं रक्त केंद्र की टीम का महत्वपूर्ण सहयोग रहा। रक्त केंद्र के चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. अपनाथ नायक, प्रयोगशाला प्रबंधक शशि कुमार, राजू कुमार, परामर्शी अमित कुमार वर्मा, डाटा ऑपरेटर किरण कुमारी, स्टाफ नर्स ज्योति कुमारी सहित संबंधित स्वास्थ्यकर्मियों ने शिविर के संचालन में सक्रिय सहयोग प्रदान किया। मेरा युवा भारत सीतामढ़ी के स्वयंसेवकों ने शिविर के आयोजन, व्यवस्थापन एवं जन-जागरूकता में सक्रिय भूमिका निभाई। स्वयंसेवकों द्वारा रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करते हुए अधिक से अधिक युवाओं को भविष्य में भी स्वैच्छिक रक्तदान के लिए प्रेरित किया गया। जिला जनसम्पर्क अधिकारी कमल सिंह नें बताया कि रक्तदान केवल एक सामाजिक जिम्मेदारी नहीं, बल्कि मानवता की सेवा का महत्वपूर्ण माध्यम है। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित पखवाड़े के माध्यम से युवाओं को समाजहित, सेवा एवं राष्ट्र निर्माण की गतिविधियों से जोड़ने का निरंतर प्रयास किया जा रहा है.






