नई सरकार की सेवा, संकल्प एवं समर्पण के 100 दिन पूर्ण होने पर जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन

ध्रुव कुमार सिंह, सीतामढ़ी, बिहार, २५ जुलाई
सीतामढ़ी समाहरणालय स्थित परिचर्चा सभागार,में नई सरकार की “सेवा, संकल्प एवं समर्पण के 100 दिन” पूर्ण होने के उपलक्ष्य में जिला स्तरीय कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम सूचना एवं जन संपर्क विभाग बिहार पटना द्वारा आयोजित किया गया जिसका लाइव टेलीकास्ट सभी जिलों में किया गया। कार्यक्रम में सांसद देवेश चंद्र ठाकुर, विधायक सुरसंड प्रो.नगेंद्र राउत, एमएलसी रेखा कुमारी, जिलाधिकारी रिची पांडे, उप-विकास आयुक्त श्वेता भारती, अपर समाहर्ता, राजस्व संजीव कुमार, अपर समाहर्ता विभागीय जांच राहुल कुमार के साथ अन्य वरीय पदाधिकारी उपस्थित थे। इस अवसर पर उपस्थित सांसद श्री ठाकुर ने कहा कि मुख्यमंत्रीद्वारा जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए बीते 100 दिनों में अनेक ऐतिहासिक निर्णय लिए गए, जिन्होंने सुशासन, विकास और जनकल्याण को नई गति दी है। उन्होंने कहा कि यह केवल 100 दिनों की उपलब्धियों का सफर नहीं बल्कि विकसित समृद्ध और आत्मनिर्भर बिहार के संकल्प को साकार करने की मजबूत शुरुआत है। वही कार्यक्रम में उपस्थित जिलाधिकारी श्री पांडेय ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में बीते दिनों में शिक्षा ,स्वास्थ्य, पर्यटन, सुशासन और जन कल्याण के क्षेत्र में अनेक ऐतिहासिक निर्णय लेकर बिहार के विकास को नई गति और नई दिशा दी गई है। उन्होंने कहा कि सेवा, संकल्प और समर्पण के 100 दिन केवल उपलब्धियों का लेखा-जोखा नहीं बल्कि विकसित, समृद्ध और आत्मनिर्भर बिहार की मजबूत नींव है। कार्यक्रम के दौरान कार्तिक कुमार को राज्य स्तरीय मॉडर्न पेंटाथलॉन (under -13) प्रतियोगिता में गोल्ड मेडल प्राप्त करने को लेकर उन्हें सम्मानित किया गया। अतुल कुमार, वरीय लिपिक, अनुमंडलीय अस्पताल, पुपरी को सामाजिक सेवा, रक्तदान एवं मानवीय सेवा में सराहनीय कार्य एवं खेल जगत में उनकी उत्कृष्ट उपलब्धि को लेकर सम्मानित किया गया। वही ज्ञान भारतम् के अंतर्गत पांडुलिपियों के संरक्षण में सराहनीय कार्य करने के लिए राम शरण अग्रवाल को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान राज्यस्तरीय समारोह का सीधा लाइव टेलीकास्ट भी प्रदर्शित किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री द्वारा “सेवा, संकल्प एवं समर्पण ” की परिकल्पना, सरकार के प्रथम 100 दिनों में किए गए जनकल्याणकारी कार्यों, उपलब्धियों तथा भविष्य की विकास रणनीति पर विस्तृत प्रकाश डाला गया। जिला स्तर पर लगभग पाँच मिनट की एक विशेष डॉक्यूमेंट्री का भी प्रदर्शन किया गया, जिसमें विगत 100 दिनों में सीतामढ़ी जिले में हुए उल्लेखनीय कार्यों एवं उपलब्धियों का प्रस्तुतीकरण किया गया। जिला स्तरीय कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जीविका दीदियों की उपस्थिति भी थी। इसके अतिरिक्त प्रखंड कार्यालयों एवं पंचायत भवन/पंचायत सरकार भवनों में भी लाइव प्रसारण से मुख्यमंत्री का संदेश आमजनों ने सामूहिक रूप से सुना।






