श्री राघव प्रसाद सिंह महाविद्यालय, जैतपुर में विश्व पर्यावरण दिवस के उपलक्ष्य में राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के तत्वावधान में वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित

ध्रुव कुमार सिंह, मुजफ्फरपुर, बिहार, ०५ जून
बाबासाहेब भीमराव अम्बेडकर बिहार विश्वविद्यालय (BRABU), मुजफ्फरपुर की अंगीभूत (Constituent) इकाई श्री राघव प्रसाद सिंह महाविद्यालय, जैतपुर में विश्व पर्यावरण दिवस के उपलक्ष्य में राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के तत्वावधान में वृक्षारोपण कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। इस दौरान महाविद्यालय परिसर में विभिन्न प्रकार के पौधे लगाए गए तथा पर्यावरण संरक्षण की शपथ ली गई. इस अवसर पर प्राचार्या प्रो.अमिता शर्मा नें कहा की यह आयोजन विश्व पर्यावरण दिवस 2026 के वैश्विक अभियान “प्रकृति से प्रेरित। जलवायु के लिये। हमारे भविष्य के लिये।” (Inspired by Nature. For Climate. For our Future.) के स्थानीय क्रियान्वयन का हिस्सा था। इस वर्ष का अभियान वैश्विक पर्यावरण संदेशों और “एक पेड़ माँ के नाम” जैसी हरित पहलों से प्रेरित रहा, जिसका उद्देश्य परिसर को प्रदूषण मुक्त और सुंदर बनाना है। पर्यावरण को हरा-भरा रखने और आने वाली पीढ़ियों के लिए शुद्ध हवा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आयोजित इस कार्यक्रम के तहत छात्रों और शिक्षकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया. कॉलेज प्रांगण और खेल के मैदान के आसपास नीम, पीपल, जामुन और महोगनी जैसे महत्वपूर्ण पौधों का रोपण किया गया ताकि भविष्य में छात्रों को एक शुद्ध वातावरण मिल सके। NSS स्वयंसेवकों और शिक्षकों ने रोपे गए पौधों की न केवल सुरक्षा करने बल्कि नियमित रूप से उन्हें सींचने का सामूहिक संकल्प लिया। इस अवसर पर राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ.विनोद आजाद व अन्य प्राध्यापकों ने ग्लोबल वार्मिंग, जल संरक्षण और प्लास्टिक उन्मूलन जैसे गंभीर विषयों पर छात्रों के साथ संवाद स्थापित किया।





