रामबृक्ष बेनीपुरी महिला महाविद्यालय का स्थापना दिवस समारोह आयोजित

ध्रुव कुमार सिंह, मुजफ्फरपुर, बिहार, ०१ जून
रामबृक्ष बेनीपुरी महिला महाविद्यालय मुजफ्फरपुर का स्थापना दिवस समारोह बड़े ही उत्साह एवं गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं रामबृक्ष बेनीपुरी जी एवं प्रथम प्राचार्य डॉ.शकुंतला सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ हुआ। इस अवसर पर महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ.मधु सिंह, शिक्षकगण, कर्मचारी एवं छात्राएँ उपस्थित रहे। समारोह को संबोधित करते हुए प्राचार्य डॉ.मधु सिंह ने कहा की बाबा साहेब भीमराव अम्बेडकर बिहार विश्वविद्यालय के अंतर्गत यह प्रमुख महिला कॉलेज अपने गौरवशाली इतिहास और उपलब्धियों के लिए जाना जाता है। इसकी स्थापना वर्ष 1969 हुई थी. इसका पूर्व नाम राम ज्योति कुंवर धनुर बेनीपुरी महिला महाविद्यालय था. इसकी संस्थापक प्राचार्या श्रीमती शकुंतला सिंह थीं. इसे वर्ष 1980 में अंगीभूत (Constituent) महाविद्यालय का दर्जा प्राप्त हुआ. यह यूजीसी (UGC) अधिनियम की धारा 2f के अंतर्गत आता है. यहाँ कला (Arts) और विज्ञान (Science) संकायों के साथ-साथ कई स्व-वित्तपोषित व्यावसायिक पाठ्यक्रम भी संचालित होते हैं. डॉ.सिंह नें महाविद्यालय की स्थापना से लेकर वर्तमान तक की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला तथा संस्थान के विकास में शिक्षकों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों के योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, अनुशासन एवं नैतिक मूल्यों के विकास के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। इस अवसर पर प्राचार्य ने छात्राओं को शिक्षा के साथ-साथ सामाजिक एवं नैतिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन डॉ.रेणु बाला के द्वारा किया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय के शिक्षकों, कर्मचारियों एवं छात्राओं ने महाविद्यालय की निरंतर प्रगति और उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएँ व्यक्त कीं।





