बिहारराज्यलोकल न्यूज़

दाउदपुर कोठी में 50 करोड़ की लागत से बन रहा प्रेक्षागृह, जुलाई तक कार्य पूरा करने का निर्देश, 15 अगस्त को नवनिर्मित प्रेक्षागृह में होगा भव्य एवं आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रम

ध्रुव कुमार सिंह, मुजफ्फरपुर, बिहार, २२ अप्रैल

सांस्कृतिक एवं सामाजिक गतिविधियों को नई पहचान देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण परियोजना के तहत मुजफ्फरपुर के कांटी अंचल अंतर्गत दाउदपुर कोठी में निर्माणाधीन विशाल प्रेक्षागृह का जिलाधिकारी सुब्रत कुमार सेन ने अधिकारियों की टीम के साथ स्थलीय निरीक्षण किया। करीब 50 करोड़ रुपये की लागत से चार एकड़ भूमि पर बन रहे इस आधुनिक ऑडिटोरियम के निर्माण कार्य की प्रगति का उन्होंने जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कार्यपालक अभियंता, भवन निर्माण विभाग को स्पष्ट निर्देश दिया कि निर्माण कार्य में तेजी लाते हुए इसे हर हाल में जुलाई माह तक पूरा कर लिया जाए। इस दौरान उन्होंने कहा कि इस भव्य प्रेक्षागृह में स्वतंत्रता दिवस, 15 अगस्त के अवसर पर वृहत सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जायेगा, जिससे जिलेवासियों को इस महत्वपूर्ण एवं बड़े  सौगात का लाभ मिल सके। अधिकारियों ने जिलाधिकारी को अवगत कराया कि प्रेक्षागृह के चारों ओर चहारदीवारी का कार्य पूरा कर लिया गया है तथा मुख्य भवन का निर्माण कार्य तेजी से प्रगति पर है। इस पर जिलाधिकारी ने संतोष व्यक्त करते हुए शेष कार्यों को भी निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूर्ण करने का निर्देश दिया। जिलाधिकारी ने मुख्य मार्ग से ऑडिटोरियम तक पहुंच सुनिश्चित करने के लिए एप्रोच पथ के निर्माण को भी अत्यंत आवश्यक बताया। उन्होंने नगर आयुक्त को निर्देश दिया कि इस कार्य के लिए शीघ्र प्राक्कलन तैयार कर निर्माण कार्य प्रारंभ किया जाए और समयबद्ध ढंग से इसे पूरा किया जाए। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि ऑडिटोरियम परिसर के अंदर पहुंच पथ का निर्माण भवन निर्माण विभाग द्वारा ही कराया जाएगा। निरीक्षण के क्रम में जिलाधिकारी ने ऑडिटोरियम के समीप स्थित दो तालाबों के सौंदर्यीकरण पर भी विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया। उन्होंने नगर आयुक्त को निर्देशित किया कि तालाबों के आसपास आकर्षक विकास कार्य कराए जाएं, ताकि यह पूरा क्षेत्र एक सुंदर और दर्शनीय परिसर के रूप में विकसित हो सके। इससे न केवल प्रेक्षागृह की सुंदरता बढ़ेगी, बल्कि यह स्थान लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र भी बनेगा। ज्ञातव्य हो कि इस महत्वाकांक्षी परियोजना के लिए भूमि उपलब्ध कराने में जिलाधिकारी के लगातार प्रयासों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उनके प्रयासों से लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग (पीएचईडी) की चार एकड़ भूमि चिन्हित कर उसका अनापत्ति प्रमाण पत्र प्राप्त किया गया और बाद में इसे भवन निर्माण को हस्तांतरित किया गया। इसके बाद ही इस वृहद प्रेक्षागृह के निर्माण का मार्ग प्रशस्त हुआ। जिलाधिकारी ने कहा कि इस ऑडिटोरियम के निर्माण से जिले को एक महत्वपूर्ण एवं स्थायी सौगात मिलेगी। यह प्रेक्षागृह बहुउद्देशीय एवं बहुपयोगी होगा, जिसका उपयोग विभिन्न प्रकार के आयोजनों के लिए किया जा सकेगा। आधुनिक तकनीक एवं अत्याधुनिक संसाधनों से सुसज्जित यह ऑडिटोरियम सांस्कृतिक कार्यक्रमों, सेमिनार, वर्कशॉप, प्रशिक्षण कार्यक्रमों तथा बड़े स्तर की बैठकों के आयोजन के लिए एक आदर्श स्थल के रूप में विकसित होगा। उन्होंने कहा कि अब तक जिले में इस प्रकार के बड़े और आधुनिक प्रेक्षागृह की कमी महसूस की जा रही थी, जिसे यह परियोजना पूरा करेगी। इससे न केवल स्थानीय कलाकारों और सांस्कृतिक गतिविधियों को मंच मिलेगा, बल्कि प्रशासनिक एवं शैक्षणिक आयोजनों के लिए भी बेहतर सुविधा उपलब्ध होगी। जिला जनसम्पर्क अधिकारी प्रमोद कुमार ने बताया की दाउदपुर कोठी में निर्माणाधीन यह प्रेक्षागृह मुजफ्फरपुर के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इसके पूर्ण होने के बाद जिले की पहचान एक नये आयाम के साथ उभरेगी और यह स्थान सांस्कृतिक, सामाजिक एवं प्रशासनिक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बनकर सामने आएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button