अभियान बसेरा के तहत अब ऑनलाइन और पंचायत स्तर पर भी कर सकेंगे वासभूमि के लिए आवेदन- बिहार भूमि पोर्टल पर शुरू हुई ऑनलाइन सुविधा, आवेदन के लिए पटना आने की जरूरत नहीं

ध्रुव कुमार सिंह, मुजफ्फरपुर, बिहार, २१ सितम्बर
अभियान बसेरा के तहत वासभूमि के लिए आवेदन करने वाले भूमिहीन परिवारों को अब आवेदन जमा करने के लिए पटना आने की जरूरत नहीं होगी। राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग ने लाभार्थियों की सुविधा के लिए बिहारभूमि पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन की व्यवस्था शुरू कर दी है। इसके साथ ही अब पंचायत स्तर पर भी आवेदन जमा करने की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। इसके लिए पंचायत सरकार भवन में चार दिवसीय शिविर आयोजित किए जाएंगे, जहां इच्छुक लाभार्थी वासभूमि के लिए अपना आवेदन जमा कर सकेंगे। जिलाधिकारी कुमार गौरव ने बताया कि सरकार और जिला प्रशासन द्वारा नियमित तौर पर लोगों को अभियान बसेरा के बारे में जानकारी दी जाती है। आप केवल इसे ही मानें। किसी भी अफ़वाह पर ध्यान न दें और लोगों को भी जागरूक करें। बंदोबस्ती के लिए किसी भी दलाल के चक्कर में न पड़ें। जिलाधिकारी ने कहा कि लाभार्थी अपने संबंधित अंचल कार्यालय में आवेदन जमा कर सकते हैं या https://biharbhumi.bihar.gov.in के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। यदि किसी व्यक्ति/संस्था द्वारा लोगों को दिग्भ्रमित कर जिले से पटना मुख्यालय लाया जाना पाया जाता है तो ऐसे व्यक्तियों/संस्थाओं को चिन्हित कर उनपर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए अनुमंडल पदाधिकारियों, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों, अंचल अधिकारियों एवं थानाध्यक्षों को निर्देशित किया गया है। जिला जनसम्पर्क अधिकारी लोकेश कुमार झा नें बताया की अभियान बसेरा के संबंध में कुछ लोगों द्वारा जनता के बीच यह अफवाह फैलाया जा रहा है कि पटना जाकर सचिवालय में आवेदन देने से बंदोबस्ती की जमीन हासिल करने में आसानी होगी। इस भ्रामक सूचना के कारण राज्य के कुछ जिलों से बड़ी संख्या में लोग पटना जाकर सचिवालय में आवेदन जमा कर रहे है। जिला प्रशासन, मुजफ्फरपुर लोगों से अपील करता है कि आप ऐसा न करें। किसी भी भ्रामक सूचना पर ध्यान न दें। केवल प्रामाणिक तथ्यों को ही मानें। सुयोग्य श्रेणी के लोग अपने-अपने अंचल में ही आवेदन दें। आपको आवेदन की पावती तत्काल दी जायेगी। इसके पश्चात 31 अक्टूबर तक इन आवेदनों पर विधिवत कार्रवाई की जायेगी।




