‘सहयोग शिविर’ ने पकड़ी रफ्तार: डीएम के निर्देश पर शिविर प्रभारी ने संभाला मोर्चा, जिला से लेकर प्रखंड स्तर के अधिकारियों ने पंचायतों का किया विजिट
मिशन मोड में समन्वय से लेकर जागरूकता एवं आवेदन प्राप्ति तक कार्य जारी, अब तक 1616 आवेदन प्राप्त

ध्रुव कुमार सिंह, मुजफ्फरपुर, बिहार, ०७ मई
मुजफ्फरपुर जिले में 19 मई से शुरू होने जा रहे ‘सहयोग शिविर’ के सफल, सुचारु एवं प्रभावी संचालन को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं। जिलाधिकारी सुब्रत कुमार सेन के निर्देश पर सभी प्रखंडों में पंचायतवार शिविर प्रभारी सक्रिय होकर मोर्चा संभाल चुके हैं। इसका उद्देश्य अधिक से अधिक आम नागरिकों को शिविर से लाभान्वित कर उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है। इसी क्रम में विभिन्न प्रखंडों के वरीय अधिकारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों का भ्रमण कर प्रखंड एवं पंचायत स्तरीय अधिकारियों-कर्मियों के साथ बैठक की। साथ ही पंचायत प्रतिनिधियों के साथ समन्वय स्थापित कर शिविर को लेकर व्यापक रणनीति बनाई गई। अधिकारियों द्वारा पंचायतों में जाकर लोगों को शिविर की तिथि, स्थल तथा आवेदन प्रक्रिया की जानकारी दी जा रही है ताकि अधिकाधिक लोग अपनी शिकायतें एवं समस्याएं प्रशासन के समक्ष रख सकें। वस्तुत: सहयोग शिविर का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों को सरकारी कार्यालयों के चक्कर से राहत दिलाते हुए पंचायत स्तर पर ही समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध कराना है। इसके लिए पंचायत भवनों में शिविर आयोजित किए जाएंगे, जहां विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहेंगे। लोगों से संबंधित विभागों की योजनाओं, सेवाओं और शिकायतों के निष्पादन के लिए आवेदन प्राप्त किए जा रहे हैं। जिलाधिकारी के निर्देश पर अधिकारियों ने निर्धारित पंचायतों का भ्रमण कर कैंप मोड में आवेदन संग्रहण का कार्य शुरू कर दिया है। अब तक जिलेभर से कुल 1616 आवेदन प्राप्त हो चुके हैं। प्राप्त आवेदनों को संबंधित विभागों के पदाधिकारियों के पास निष्पादन हेतु भेजा जा रहा है ताकि शिविर के दिन आवेदकों को उनके मामलों की प्रगति, समाधान अथवा आवश्यक सेवा उपलब्ध कराई जा सके। जिला, अनुमंडल, प्रखंड एवं पंचायत स्तर के अधिकारी और कर्मी पूरी सक्रियता एवं तत्परता के साथ कार्य में जुटे हुए हैं। शिविर को लेकर गांव-गांव में प्रचार-प्रसार कराया जा रहा है ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति जानकारी के अभाव में वंचित न रह जाए। जिलाधिकारी श्री सेन ने सभी संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश दिया है कि निर्धारित पंचायतों में व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जाए तथा एक भी आवेदन छूटने नहीं पाए। उन्होंने कहा कि शिविर का उद्देश्य केवल आवेदन लेना नहीं, बल्कि लोगों की समस्याओं का प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना है। जिलाधिकारी ने कहा कि सहयोग शिविर के माध्यम से आम नागरिकों को अपने पंचायत में ही समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध हो जाएंगी। इससे सरकारी कार्यप्रणाली में पारदर्शिता एवं जवाबदेही को मजबूती मिलेगी। साथ ही लोगों को विभिन्न कार्यालयों के अनावश्यक चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे और प्रशासनिक सेवाएं उनके दरवाजे तक पहुंच सकेंगी। जिला जनसम्पर्क अधिकारी प्रमोद कुमार ने बताया की आम जनता की समस्याओं का समाधान सरल, सुलभ एवं प्रभावी तरीके से उनके दरवाजे पर ही हो सकेगा। सहयोग शिविर इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। इससे न केवल लोगों को त्वरित राहत मिलेगी बल्कि सरकार एवं प्रशासन के प्रति आमजन का विश्वास भी और मजबूत होगा।





