वैशाली पुलिस ने आमजन, बच्चों और अभिभावकों के साथ मनाई दीपावली; बांटी खुशियां

ध्रुव कुमार सिंह, हाजीपुर(वैशाली), बिहार, ०८ नवम्बर
वैशाली जिले के सभी थाना क्षेत्रों में एक विशेष और संवेदनशील पहल की गई। जिला पुलिस बल द्वारा स्थानीय नागरिकों, बच्चों और उनके अभिभावकों के साथ मिलकर दीपावली का पावन त्योहार अत्यंत हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस विशेष अभियान के तहत जिले के सभी थानों में वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों और थाना प्रभारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों के स्थानीय लोगों, विशेषकर बच्चों और उनके अभिभावकों को आमंत्रित किया। कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों ने बच्चों के बीच मिठाइयां, चॉकलेट और उपहार वितरित किए। पुलिसकर्मियों को अपने बीच पाकर और उनसे उपहार पाकर बच्चों के चेहरों पर भारी मुस्कान देखी गई। इस अवसर पर पुलिस अधिकारियों ने स्थानीय अभिभावकों और प्रबुद्ध नागरिकों से सीधा संवाद स्थापित किया। उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए अधिकारियों ने कहा कि पुलिस का उद्देश्य न केवल अपराध नियंत्रण है, बल्कि समाज में एक सुरक्षित, शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण तैयार करना भी है। त्योहारों के इस मौसम में समाज के हर वर्ग तक खुशियां पहुंचाना और पुलिस-पब्लिक के बीच आपसी विश्वास को मजबूत करना ही इस आयोजन का मुख्य लक्ष्य है। वरीय पुलिस अधीक्षक शुभांक मिश्रा नें बताया की थाना परिसरों में आयोजित इन कार्यक्रमों में स्थानीय जनप्रतिनिधियों और अभिभावकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। ग्रामीणों और शहरवासियों ने वैशाली पुलिस की इस मानवीय पहल की भूरि-भूरि प्रशंसा की। अभिभावकों ने कहा कि इस तरह के आयोजनों से बच्चों के मन से पुलिस का डर दूर होता है और खाकी के प्रति एक मित्रवत एवं सकारात्मक छवि बनती है। यह आयोजन पूरे वैशाली जिले में शांति, आपसी भाईचारे और उत्सव के माहौल के साथ संपन्न हुआ।





