विकसित भारत @2047 के लक्ष्य की प्राप्ति के लिए विकसित बिहार @2047 का निर्माण आवश्यक- राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) सैयद अता हसनैन

ध्रुव कुमार सिंह, मुजफ्फरपुर, बिहार, ०३ नवम्बर
राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) सैयद अता हसनैन ने मुजफ्फरपुर के चंदवारा स्थित डॉ. महाचन्द्र प्रसाद सिंह बी.एड. कॉलेज परिसर में नवनिर्मित वातानुकूलित सभागार (ऑडिटोरियम) और अतिथि गृह (गेस्ट हाउस) का उद्घाटन किया। इस अवसर पर राज्यपाल ने उच्च शिक्षा के विस्तार तथा विद्यार्थियों और शिक्षकों को प्रेरित करते हुए अपने विचार साझा किए। अपनें उद्घाटन भाषण में राज्यपाल ने युवाओं और छात्रों को बिहार का वास्तविक भविष्य बताया। उन्होंने इस बात पर विशेष बल दिया कि राज्य के समग्र विकास के लिए क्वालिटी एजुकेशन (गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा) का विस्तार बेहद आवश्यक है। राज्यपाल ने कहा कि जब शिक्षण संस्थानों में अत्याधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर (जैसे वातानुकूलित सभागार और अतिथि गृह) विकसित होता है, तो छात्रों को एक सकारात्मक शैक्षणिक और सांस्कृतिक माहौल मिलता है। इससे वे भविष्य की वैश्विक चुनौतियों के लिए तैयार होते हैं। उन्होंने कहा कि विकसित भारत @2047 के लक्ष्य की प्राप्ति के लिए विकसित बिहार @2047 का निर्माण आवश्यक है। इसके लिए उच्च शिक्षा की गुणवत्ता, शोध एवं नवाचार, कौशल विकास, निवेश और औद्योगिकीकरण को बढ़ावा देना होगा। उन्होंने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, आधुनिक पुस्तकालयों तथा जलवायु परिवर्तन, पर्यावरण संरक्षण एवं सतत विकास लक्ष्यों के प्रति विद्यार्थियों को जागरूक करने पर विशेष बल दिया। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि सह उच्च शिक्षा एवं वित्त मंत्री संजय सिंह टाइगर ने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए निरंतर काम कर रही है। उन्होंने निजी सहभागिता से तैयार हो रहे इस प्रकार के आधुनिक संसाधनों की सराहना की और छात्रों से इनका पूरा लाभ उठाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में बीआरए बिहार विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. दिनेश चन्द्र राय, कॉलेज के संस्थापक व पूर्व मंत्री डॉ. महाचन्द्र प्रसाद सिंह, नूतन कुमारी, विकास कुमार सहित कई शिक्षाविद और गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने अतिथियों के स्वागत में सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दीं।





