भारत सरकार के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (MSME) मंत्रालय के द्वारा प्रोक्योरमेंट एंड मार्केटिंग सपोर्ट (पीएमएस-PMS) योजना के तहत कार्यशाला आयोजित

ध्रुव कुमार सिंह, सीतामढ़ी, बिहार, २७ अक्टूबर
भारत सरकार के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (MSME) मंत्रालय के अंतर्गत एमएसएमई-विकास एवं सुविधा कार्यालय, मुजफ्फरपुर द्वारा सीतामढ़ी में प्रोक्योरमेंट एंड मार्केटिंग सपोर्ट (पीएमएस – PMS) योजना के तहत एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का शुभारंभ सीतामढ़ी के जिला उद्योग केंद्र की महाप्रबंधक प्रिया भारती, भीमसेन, अन्वेषक, एमएसएमई विकास कार्यालय, मुजफ्फरपुर, भारतीय मानक ब्यूरो के अधिकारी तथा कृषि एवं प्रसंस्कृत खाद्य उत्पाद निर्यात विकास प्राधिकरण (एपीडा) के अधिकारी एवं अन्य अधिकारियों द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित करके किया गया। GeM (Government e-Marketplace) पटना से आए विशेषज्ञ सत्यम कुमार ने सरकारी ई-पोर्टल पर पंजीकरण, प्रोफाइल सत्यापन, उत्पादों की लिस्टिंग और सरकारी निविदाओं (Tenders) में भाग लेने की प्रक्रिया समझाई। भारतीय मानक ब्यूरो के अधिकारियों ने उत्पादों की गुणवत्ता, टेस्टिंग और बीआईएस (BIS) प्रमाणन के महत्व पर जानकारी दी। एपीडा (APEDA) के प्रतिनिधियों ने सीतामढ़ी क्षेत्र के कृषि-आधारित एवं प्रसंस्कृत खाद्य उत्पादों (Food Processing) के निर्यात की संभावनाओं, कोल्ड-चेन नेटवर्क और अंतरराष्ट्रीय व्यापार नियमों की जानकारी दी। जिला जनसम्पर्क अधिकारी कमल सिंह नें बताया की कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य स्थानीय उद्यमियों और एमएसएमई इकाइयों को राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय बाजारों से जोड़ना और सरकारी खरीद प्रक्रिया के प्रति जागरूक करना था।





