‘बिहार विद्या साथी’ ऐप स्कूली छात्रों को 24 घंटे डिजिटल पढ़ाई और शिक्षकों से सीधे जुड़ने (1:1 इंटरैक्टिव प्लेटफॉर्म) की देगा सुविधा

ध्रुव कुमार सिंह, मुजफ्फरपुर, बिहार, २४ अगस्त
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने लोक सेवक आवास स्थित ‘संकल्प’ सभागार से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से राज्य के 38 जिलों के 700 सरस्वती विद्या निकेतन मॉडल विद्यालयों में 24×7, 1:1 इंटरैक्टिव प्लेटफॉर्म ‘बिहार विद्या साथी’ का शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री द्वारा शुरू किया गया ‘बिहार विद्या साथी’ ऐप राज्य के स्कूली छात्रों को 24 घंटे डिजिटल पढ़ाई और शिक्षकों से सीधे जुड़ने (1:1 इंटरैक्टिव प्लेटफॉर्म) की सुविधा देगा। यह बिहार के शिक्षा विभाग की एक बहुत बड़ी और आधुनिक पहल है। यह एक मोबाइल और कंप्यूटर ऐप है, जिसके जरिए कक्षा 9वीं से 12वीं तक के सरकारी स्कूल के छात्र जब चाहें (दिन हो या रात) पढ़ाई से जुड़े अपने सवाल पूछ सकते हैं। यह ठीक वैसा ही है जैसे घर पर एक पर्सनल डिजिटल टीचर होना। बिहार के सभी 38 जिलों के 700 सरस्वती विद्या निकेतन मॉडल स्कूलों में इसकी शुरुआत की गई है। राज्य के करीब 3 लाख छात्रों को इसका सीधा लाभ मिलेगा। छात्रों की मदद के लिए 75,000 शिक्षक चौबीसों घंटे (24×7) लाइव उपलब्ध रहेंगे। छात्र अपनी पसंद के अनुसार शिक्षक चुन सकते हैं। इस प्लेटफॉर्म में कठिन विषयों को आसानी से समझने के लिए AI टूल्स का भी इस्तेमाल किया गया है। इस अवसर पर मुजफ्फरपुर समाहरणालय से जिलाधिकारी कुमार गौरव और जिला शिक्षा पदाधिकारी कुमार अरविंद सिन्हा का जुड़ना यह दिखाता है कि इस योजना को हर जिले में बहुत गंभीरता से लागू किया जा रहा है ताकि सुदूर गांवों के बच्चों को भी बड़े शहरों जैसी कोचिंग और गाइडेंस मुफ्त में मिल सके। जिलाधिकारी नें बताया की छात्र-छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए सतत प्रयास किया जा रहा है। ‘बिहार विद्या साथी’ ऐप इस दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इसके माध्यम से विद्यार्थी जब चाहें, जहाँ से चाहें, अपनी पढ़ाई से संबंधित समस्याओं का समाधान प्राप्त कर सकेंगे। ज़िलाधिकारी ने कहा कि मुजफ्फरपुर जिला के 21 सरस्वती विद्या निकेतन (मॉडल स्कूल) के लगभग 6000 (छः हजार) विद्यार्थी इस ऐप से प्रत्यक्ष रूप से लाभान्वित होंगे। जिला जनसम्पर्क अधिकारी लोकेश कुमार झा नें बताया की ‘बिहार विद्या साथी’ ऐप के माध्यम से जिले के 9वीं और 10वीं के छात्र सभी विषयों (जैसे गणित, विज्ञान, सामाजिक विज्ञान आदि) में मदद पा सकेंगे तथा 11वीं और 12वीं के छात्र विशेष रूप से साइंस (विज्ञान) स्ट्रीम के छात्रों को बिहार बोर्ड परीक्षाओं के साथ-साथ JEE (इंजीनियरिंग) और NEET (मेडिकल) जैसी बड़ी परीक्षाओं की तैयारी के लिए लाइव कोचिंग और डिजिटल स्टडी मटेरियल मिलेगा।





