राशन कार्ड निर्माण में तेजी लाने के लिए मिशन मोड में कार्य करें : कुमार गौरव, जिलाधिकारी

ध्रुव कुमार सिंह, मुजफ्फरपुर, बिहार, २७ जुलाई
मुख्य सचिव, बिहार द्वारा राशन कार्ड निर्माण की प्रगति की समीक्षा हेतु आयोजित वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में दिए गए निर्देशों के आलोक में जिलाधिकारी कुमार गौरव ने मुजफ्फरपुर समाहरणालय सभागार में संबंधित अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में अनुमंडल पदाधिकारी पूर्वी एवं पश्चिमी, जिला आपूर्ति पदाधिकारी, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (आईसीडीएस), जीविका के जिला परियोजना प्रबंधक (DPM), सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी, प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी, प्रखंड परियोजना प्रबंधक (BPM) सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे। समीक्षा के दौरान बताया गया कि जिले को 86,175 नए राशन कार्ड निर्माण का लक्ष्य प्राप्त हुआ है। इसके विरुद्ध अब तक लगभग 75 प्रतिशत उपलब्धि हासिल कर ली गई है। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि 05 अगस्त 2026 तक निर्धारित लक्ष्य का शत-प्रतिशत प्राप्त करना सुनिश्चित करें। साथ ही अगले तीन दिनों के भीतर शेष लंबित कार्यों में उल्लेखनीय प्रगति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निदेश दिया की राशन कार्ड हेतु ऑफलाइन प्राप्त होने वाले सभी आवेदनों की प्राथमिकता के आधार पर जांच कर उन्हें अविलंब ऑनलाइन दर्ज कराया जाए, ताकि कोई भी पात्र परिवार योजना के लाभ से वंचित न रहे। उन्होंने सभी अंचल अधिकारियों को निर्देश दिया कि जिन पात्र लाभुकों के पास राशन कार्ड निर्माण के लिए आवश्यक दस्तावेज, जैसे जाति प्रमाण-पत्र, आवासीय प्रमाण-पत्र आदि उपलब्ध नहीं हैं, उनके प्रमाण-पत्रों का शीघ्र निर्गमन सुनिश्चित कराया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ मिशन मोड में कार्य करते हुए समय-सीमा के भीतर लक्ष्य की प्राप्ति सुनिश्चित करें। बैठक में जिलाधिकारी ने टीबी मुक्त भारत के अंतर्गत टीबी मरीजों के बीच फूड बास्केट का नियमित वितरण सुनिश्चित करने का भी निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया, ताकि पोषण सहायता समय पर उपलब्ध कराई जा सके। जिलाधिकारी ने कहा कि राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से पहुंचाना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए सभी अधिकारी निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप गंभीरता एवं उत्तरदायित्व के साथ कार्य करें।




