मुहर्रम को लेकर जिला शांति समिति की बैठक में डीएम ने शांति एवं सद्भाव बनाये रखने तथा सहयोग की अपील की

ध्रुव कुमार सिंह, मुजफ्फरपुर, बिहार, २३ जून
मुहर्रम पर्व के शांतिपूर्ण, सफल एवं सुचारू आयोजन सुनिश्चित करने तथा जिले में विधि-व्यवस्था पूरी तरह संधारित रखने के उद्देश्य से मुजफ्फरपुर समाहरणालय सभागार में जिला शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला पदाधिकारी कुमार गौरव एवं वरीय पुलिस अधीक्षक कांतेश मिश्रा ने संयुक्त रूप से की। बैठक में जिला शांति समिति के सदस्यों, प्रशासनिक अधिकारियों तथा पुलिस पदाधिकारियों ने भाग लिया और पर्व के दौरान शांति, सद्भाव एवं आपसी भाईचारे का वातावरण बनाये रखने हेतु समिति के सदस्यों ने आवश्यक सुझाव एवं फीडबैक प्रस्तुत किये। बैठक के दौरान जिला पदाधिकारी ने कहा कि मुहर्रम जिले का एक महत्वपूर्ण पर्व है, जिसके आयोजन में सभी समुदायों की सहभागिता और सहयोग अपेक्षित है। उन्होंने कहा कि प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता यह सुनिश्चित करना है कि पर्व पूरी तरह शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हो तथा किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना की संभावना को समय रहते समाप्त किया जा सके। उन्होंने समिति के सदस्यों द्वारा दिये गये सुझावों को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक पहल करने हेतु आश्वस्त किया। वरीय पुलिस अधीक्षक ने कहा कि पर्व के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर व्यापक तैयारी की गई है। जिले मे विधि व्यवस्था पूरी तरह से नियंत्रित रखने हेतु सभी महत्वपूर्ण बांछित क्षेत्रों की पहचान कर वहां विशेष निगरानी रखी जाएगी। जुलूस मार्गों, भीड़भाड़ वाले स्थानों तथा प्रमुख चौक-चौराहों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल एवं दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की जाएगी। उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाये रखने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क और सक्रिय रहेगा। मुहर्रम पर्व के अवसर पर जिले भर में पर्याप्त संख्या में दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी तैनात किये जाएंगे। किसी भी आकस्मिक परिस्थिति से निपटने के लिए क्विक रिस्पांस टीम (क्यूआरटी) को पूरी तरह सक्रिय रखा जायेगा। साथ ही साइबर सेल को भी विशेष रूप से अलर्ट मोड में रहने का निर्देश दिया गया है ताकि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर फैलाए जाने वाले किसी भी गलत, भ्रामक, आपत्तिजनक अथवा अफवाहपूर्ण संदेशों पर तत्काल कार्रवाई की जा सके। बैठक मे स्पष्ट किया गया कि सोशल मीडिया पर गलत/भ्रामक सूचना, अफवाह अथवा सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वाले पोस्ट प्रसारित करने वालों पर कड़ी नजर रखी जायेगी। ऐसे तत्वों की पहचान कर उनके विरुद्ध विधिसम्मत कठोर कार्रवाई की जाएगी। जिलाधिकारी ने जिलावासियों से अपील की कि किसी भी अपुष्ट सूचना पर विश्वास न करें और संदिग्ध संदेशों की जानकारी तुरंत प्रशासन को दें। बैठक के दौरान जिला पदाधिकारी ने अनुमंडल पदाधिकारी पूर्वी /पश्चिमी एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी को अपने-अपने क्षेत्र में निकलने वाले ताजिया जुलूसों एवं अन्य कार्यक्रमों के निर्धारित रूटलाइन का भौतिक निरीक्षण करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जुलूस मार्गों की स्थिति, विद्युत तारों, सड़क की स्थिति तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की पूर्व समीक्षा कर संभावित समस्याओं का समाधान समय से पूर्व सुनिश्चित किया जाय। साथ ही पर्व के दौरान प्रभावी मॉनिटरिंग एवं सतत निगरानी रखने पर विशेष बल दिया गया। सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के लिए पुलिस पेट्रोलिंग विशेषकर रात्रि के समय बढ़ाने का निर्देश दिया गया। पुलिस को संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार भ्रमण करने तथा स्थानीय लोगों से समन्वय बनाये रखने को कहा गया। इसके अलावा ट्रैफिक व्यवस्था को सुदृढ़ रखने के लिए भी विशेष कार्ययोजना तैयार करने का निर्देश दिया गया ताकि जुलूसों के दौरान आम लोगों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े। बैठक में ध्वनि प्रदूषण एवं कानून-व्यवस्था के मद्देनजर डीजे बजाने पर पूर्ण प्रतिबंध लागू रखने का निर्णय दोहराया गया। बैठक मे स्पष्ट किया गया कि किसी भी प्रकार के डीजे के उपयोग की अनुमति नहीं होगी। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। शहर की साफ-सफाई एवं नागरिक सुविधाओं पर भी बैठक में विशेष चर्चा हुई। जिला पदाधिकारी ने नगर आयुक्त को निर्देश दिया कि जुलूस मार्गों एवं प्रमुख स्थलों पर व्यापक सफाई अभियान चलाया जाय। इसके साथ ही, तापमान एवं धूल नियंत्रण तथा आम नागरिकों की सुविधा के लिए सड़कों पर नियमित रूप से पानी का छिड़काव कराया जाय। पेयजल, प्रकाश व्यवस्था तथा अन्य बुनियादी सुविधाओं को भी दुरुस्त रखने का निर्देश संबंधित विभागों को दिया गया। जिला पदाधिकारी ने जिले के सभी नागरिकों से मुहर्रम पर्व के दौरान शांति, सद्भाव, भाईचारा एवं सामाजिक सौहार्द बनाये रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रशासन और आम जनता के सहयोग से ही किसी भी पर्व का सफल आयोजन संभव है। उन्होंने लोगों से अफवाहों से दूर रहने, प्रशासन का सहयोग करने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल संबंधित अधिकारियों को देने का आग्रह किया। बैठक में जिला शांति समिति के सदस्य विनय पाठक, इरशाद हुसैन गुड्डू, प्रो.शब्बीर अहमद, के.पी. पप्पू, जितेंद्र गुप्ता सहित कई सदस्य उपस्थित रहे। सभी सदस्यों ने एक स्वर में जिले में शांति एवं सामाजिक सौहार्द कायम रखने की प्रतिबद्धता व्यक्त करते हुए जिला प्रशासन को पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया। मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन द्वारा की जा रही तैयारियों की भी सराहना की गई।





