बिहारराज्यलोकल न्यूज़

विश्व बाल श्रम निषेध दिवस के अवसर पर बाल श्रम उन्मूलन एवं बाल अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से विभिन्न कार्यक्रमों का किया गया आयोजन

ध्रुव कुमार सिंह, सीतामढ़ी, बिहार, १२ जून  

विश्व बाल श्रम निषेध दिवस के अवसर पर सीतामढ़ी जिले में बाल श्रम उन्मूलन एवं बाल अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। श्रम संसाधन एवं प्रवासी श्रमिक कल्याण विभाग, महिला एवं बाल विकास निगम, शिक्षा विभाग सहित विभिन्न सरकारी कार्यालयों में शपथ ग्रहण कार्यक्रम आयोजित किए गए। सीतामढ़ी समाहरणालय स्थित विमर्श कक्ष में जिला पदाधिकारी रिची पाण्डेय के नेतृत्व में बाल श्रम के विरुद्ध जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मियों ने शपथ लेते हुए संकल्प व्यक्त किया कि वे किसी भी रूप में बाल श्रम का समर्थन नहीं करेंगे और न ही उसे बढ़ावा देंगे। साथ ही यह भी प्रतिज्ञा की गई कि 14 वर्ष से कम आयु के किसी भी बच्चे से श्रम कार्य नहीं कराया जाएगा तथा समाज में बाल श्रम उन्मूलन के लिए निरंतर जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। प्रतिभागियों ने अपने राज्य एवं जिले को बाल श्रम मुक्त बनाने हेतु पूरी ईमानदारी, संवेदनशीलता और सामाजिक उत्तरदायित्व के साथ कार्य करने का संकल्प लिया। बाल श्रम के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से समाहरणालय परिसर से जिला पदाधिकारी द्वारा जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। इस रथ के द्वारा शहर के विभिन्न चौक-चौराहों एवं सार्वजनिक स्थलों पर जाकर बाल श्रम निषेध संबंधी संदेशों का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। इस मौके पर जिलाधिकारी श्री पाण्डेय ने कहा कि बच्चे देश के भविष्य हैं और उनका बचपन शिक्षा, सुरक्षा एवं समुचित विकास के लिए समर्पित होना चाहिए, न कि श्रम कार्यों में व्यतीत होना चाहिए। उन्होंने कहा कि बाल श्रम न केवल बच्चों के अधिकारों का हनन है, बल्कि समाज के समग्र विकास में भी बाधक है। जिला प्रशासन बाल श्रम उन्मूलन के प्रति पूर्णतः प्रतिबद्ध है तथा संबंधित विभागों के समन्वय से लगातार जागरूकता एवं प्रवर्तन की कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने आम नागरिकों, अभिभावकों, नियोजकों एवं सामाजिक संगठनों से अपील की कि वे बाल श्रम के विरुद्ध अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं तथा किसी भी बच्चे को श्रम कार्य में संलग्न पाए जाने पर इसकी सूचना संबंधित विभाग को दें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button