प्रमंडलीय आयुक्त ने शिवहर का भ्रमण कर अधिकारियों के साथ की बैठक, तरियानी में 253.7879 एकड़ भूमि में होगा औद्योगिक क्षेत्र का विकास
भू-अर्जन में तेजी लाने तथा आपसी समन्वय से परियोजना को समयबद्ध तरीके से पूरा करने का निर्देश, औद्योगिक क्षेत्र की स्थापना से जिले में रोजगार,निवेश एवं आर्थिक सुदृढ़ीकरण से लेकर जिले के समग्र विकास में आयेगी तेजी
ध्रुव कुमार सिंह, शिवहर, बिहार, १६ अप्रैल
तिरहुत प्रमंडल के आयुक्त गिरिवर दयाल सिंह द्वारा शिवहर जिले में औद्योगिक क्षेत्र की स्थापना एवं विकास को लेकर ठोस पहल की गई है। इस क्रम में आयुक्त ने शिवहर जिला का भ्रमण कर प्रस्तावित स्थल का निरीक्षण किया तथा तरियानी प्रखंड कार्यालय में संबंधित अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक में औद्योगिक क्षेत्र की स्थापना से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा संबंधित विभाग के अधिकारियों के साथ की गई। आयुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि इस परियोजना को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जाये ताकि क्षेत्र में निवेश को बढ़ावा मिले और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नये अवसर सृजित हो। उल्लेखनीय है कि शिवहर जिला के तरियानी अंचल अंतर्गत मोहम्मदपुर, थाना संख्या-06 तथा बेलाही दुल्लह, थाना संख्या-141 क्षेत्र में औद्योगिक क्षेत्र के विकास के लिए भूमि चिन्हित की गई है। इन स्थानों पर कुल लगभग 253.7879 एकड़ भूमि के अधिग्रहण की प्रक्रिया प्रारंभ की गई है। बैठक के दौरान आयुक्त ने भूमि अधिग्रहण, आधारभूत संरचना के विकास तथा निवेश के लिए आवश्यक सुविधाओं के विकास पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि औद्योगिक क्षेत्र के विकास से न केवल जिले की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी, बल्कि आसपास के क्षेत्रों में भी विकास की गति तेज होगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी प्रक्रियाओं को पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाये। इसके उपरांत आयुक्त ने अधिकारियों की टीम के साथ प्रस्तावित स्थल का भ्रमण कर निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने जमीन की स्थिति, पहुंच मार्ग, उपलब्ध संसाधनों एवं अन्य आवश्यक बिंदुओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि स्थल से संबंधित सभी आवश्यक औपचारिकताएं शीघ्र पूरी की जाये और विकास कार्यों में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो इसका विशेष ध्यान रखी जाये। आयुक्त ने यह भी कहा कि औद्योगिक क्षेत्र की स्थापना से शिवहर जिले में औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा, जिससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और पलायन की समस्या में भी कमी आएगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे समन्वय बनाकर कार्य करें और परियोजना को सफल बनाने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं। आयुक्त ने जिलाधिकारी को निर्देश दिया कि वे नियमित रूप से प्रगति की समीक्षा करें और किसी भी प्रकार की समस्या आने पर तुरंत उसका समाधान सुनिश्चित करें। सुचना एवं जनसम्पर्क उप-निदेशक प्रमोद कुमार नें बताया की इस महत्वपूर्ण औद्योगिक क्षेत्र की स्थापना से जिला का औद्योगिक दृष्टिकोण से एक नई पहचान कायम होगी और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।







