वैशाली जिले के राघोपुर में हुआ बेहद दर्दनाक और हृदयविदारक नाव हादसा, 13 नाबालिग बच्चों की डूबने से हुई मौत

ध्रुव कुमार सिंह, राघोपुर (वैशाली), बिहार, १४ अक्टूबर
वैशाली जिले के राघोपुर में 13 अक्टूबर 2026 की रात हुआ यह नाव हादसा बेहद दर्दनाक और हृदयविदारक है। इस दुखद घटना में अब तक 13 नाबालिग बच्चों की डूबने से मौत हो चुकी है, जिनकी उम्र 6 से 16 वर्ष के बीच बताई जा रही है। रामपुर श्यामचंद पंचायत के भगतान टोला से लगभग 20-25 बच्चे एक छोटी और जर्जर नाव पर सवार होकर गंगा नदी (ढाब) के उस पार सिंहेश्वर राय के घर तेरहवीं के भोज में शामिल होने जा रहे थे। क्षमता से अधिक लोग सवार होने (ओवरलोडिंग) और नाव में छेद होने के कारण बीच नदी में पानी भर गया और नाव असंतुलित होकर पलट गई। घटना के तुरंत बाद स्थानीय ग्रामीणों ने बचाव कार्य शुरू किया। बाद में SDRF की टीम और स्थानीय गोताखोरों की मदद से 13 बच्चों के शव बरामद किए गए। नदी से सुरक्षित निकाले गए 6-7 घायल बच्चों को तुरंत इलाज के लिए पटना के नालंदा मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल (NMCH) रेफर किया गया है, जहां उनकी स्थिति स्थिर बनी हुई है। रात के समय निजी नावों के परिचालन पर रोक होने के बावजूद बरती गई इस भारी लापरवाही को देखते हुए वैशाली की जिलाधिकारी (DM) वर्षा सिंह ने बड़ा एक्शन लिया है। उन्होंने राघोपुर के अंचलाधिकारी (CO) और थाना प्रभारी (SHO) से स्पष्टीकरण मांगते हुए अगले आदेश तक दोनों के वेतन भुगतान पर रोक लगा दी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने राज्य सरकार की ओर से 4-4 लाख रुपये की अनुग्रह राशि (मुआवजा) देने की घोषणा की है। इस घटना के बाद से रामपुर श्यामचंद गांव के कई घरों में चूल्हे तक नहीं जले हैं और पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है। वरीय पुलिस अधीक्षक शुभांक मिश्रा नें बताया की बीते रात्रि करीब 08:00 बजे वैशाली जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत रामपुर श्यामचंद के भगतान टोला के कुछ ग्रामीण बच्चे बरसाती नदी पार कर सिंहेश्वर राय के यहां आयोजित मृत्यु भोज में शामिल होने जा रहे थे इसी दौरान नाव पर क्षमता से अधिक लगभग 20 से 25 बच्चों के सवार होने के कारण बीच नदी में नाव डूब गई। उक्त दुर्घटना में अब तक 13 नाबालिग बच्चों के शव बरामद किए गए हैं। वहीं, नदी में डूबे 06 लोगों को सुरक्षित बचाकर उपचार हेतु NMCH, पटना भेजा गया है, जहाँ उनका इलाज जारी है। मृतक बच्चों की उम्र 06 से 16 वर्ष के बीच बताई गई है। घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए राहत एवं बचाव कार्य प्रारंभ कराया गया। लापता लोगों की तलाश एवं बरामदगी के लिए SDRF की टीम द्वारा लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। प्रशासन एवं बचाव दल घटनास्थल पर स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। लापता लोगों की तलाश के लिए सघन खोज अभियान जारी है । राहत एवं बचाव कार्य में संबंधित टीमें पूरी तत्परता से जुटी हुई हैं।





