बिहारराज्यलोकल न्यूज़

पुनौरा धाम मंदिर निर्माण कार्यों की जिलाधिकारी ने की समीक्षा, समय-सीमा के साथ गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने का निर्देश

ध्रुव कुमार सिंह, सीतामढ़ी, बिहार, १४ अक्टूबर

पुनौरा धाम मंदिर एवं परिसर के समग्र विकास कार्यों को गति देने के उद्देश्य से जिलाधिकारी तनय सुल्तानिया ने मंदिर परिसर स्थित सभाकक्ष में संबंधित अधिकारियों एवं निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में उप-विकास आयुक्त श्वेता भारती, जिला जनसम्पर्क अधिकारी कमल सिंह के साथ अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे। बैठक में मंदिर निर्माण सहित परिसर में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों की वर्तमान स्थिति की जानकारी ली गई। निर्माण एजेंसी अहलूवालिया कॉन्ट्रैक्ट्स (इंडिया) लिमिटेड के प्रतिनिधियों ने कार्यों की प्रगति से जिलाधिकारी को अवगत कराया। इस दौरान उपलब्ध मानव संसाधन, मशीनरी, निर्माण सामग्री एवं उपकरणों के साथ अस्थायी निर्माण कार्यों की स्थिति की भी समीक्षा की गई। इसके अलावा सड़क नेटवर्क, संपर्क मार्ग तथा परिसर से जुड़े अन्य आधारभूत कार्यों पर भी चर्चा हुई। जिलाधिकारी ने निर्माण एजेंसी को स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरे किए जाएं। उन्होंने परियोजना को सरकार की प्राथमिकता वाली महत्वपूर्ण योजनाओं में बताते हुए निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी एवं प्रगति में निरंतरता बनाए रखने पर जोर दिया। मंदिर परिसर में जलजमाव की समस्या को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने नगर निगम एवं बुडको के अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई कर जलजमाव की समस्या का शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि परिसर के विकास से जुड़े कार्यों में किसी प्रकार की अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए। बैठक में विभिन्न विभागों के पदाधिकारियों एवं अभियंताओं को आपसी समन्वय के साथ लंबित प्रक्रियाओं का त्वरित निष्पादन करने का निर्देश दिया गया, ताकि निर्माण कार्य निर्बाध रूप से आगे बढ़ सके। बैठक के बाद जिलाधिकारी ने मंदिर निर्माण एवं परिसर में चल रहे विकास कार्यों का स्थल निरीक्षण भी किया। उन्होंने निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधियों से कार्य की प्रगति की जानकारी लेते हुए मौके पर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button