बिहारराज्यलोकल न्यूज़

गैर-संचारी रोगों (NCDs) की प्रारंभिक पहचान और रोकथाम के लिए “जाँच एवं उपचार, चिकित्सा आपके द्वार” महाअभियान का हुआ शुभारंभ

ध्रुव कुमार सिंह, मुजफ्फरपुर, बिहार, ०२ सितम्बर

बिहार सरकार द्वारा गैर-संचारी रोगों (NCDs) की प्रारंभिक पहचान और रोकथाम के लिए “जाँच एवं उपचार, चिकित्सा आपके द्वार” राज्यव्यापी महाअभियान का शुभारंभ किया गया है। मुजफ्फरपुर के सदर अस्पताल में इस महत्वपूर्ण स्वास्थ्य पहल को लेकर जिला स्तरीय व्यापक व्यवस्थाएं की गई हैं। यह महाअभियान 2 सितंबर से 30 नवंबर 2026 तक संचालित किया जाएगा। मुजफ्फरपुर के 30 वर्ष या उससे अधिक आयु के नागरिकों की स्क्रीनिंग की जाएगी। इसके तहत के लोगों का हेल्थ रिकॉर्ड तैयार करने का लक्ष्य है। इस अभियान के माध्यम से घर-घर जाकर मुख्य रूप से गैर-संचारी रोगों उच्च रक्तचाप (High BP) और मधुमेह (Diabetes), तीन सामान्य कैंसर (मुंह, स्तन और गर्भाशय के मुख का कैंसर), हृदय रोग (Heart Diseases) और फैटी लिवर (NAFLD) और फेफड़ों की बीमारी (COPD)  की मुफ्त स्क्रीनिंग की जाएगी. मुजफ्फरपुर में लोगों को जागरूक करने के लिए विशेष प्रचार रथों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। एएनएम (ANM) और आशा (ASHA) कार्यकर्ता कम्युनिटी बेस्ड असेसमेंट चेकलिस्ट (CBAC) फॉर्म के जरिए परिवारों का स्वास्थ्य सर्वेक्षण करेंगी। प्राथमिक जांच में जोखिम पाए जाने पर मरीजों को पास के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) या सदर अस्पताल मुजफ्फरपुर में रेफर कर मुफ्त दवा व उपचार शुरू किया जाएगा। सदर अस्पताल में स्वास्थ्य पहल “जाँच एवं उपचार, चिकित्सा आपके द्वार” कार्यक्रम के शुभारंभ पर मंत्री, पर्यटन विभाग केदार प्रसाद गुप्ता, विधायक रंजन कुमार एवं जिला पदाधिकारी कुमार गौरव, सिविल सर्जन डॉ.सुधीर कुमार, जिला कार्यक्रम प्रबंधक, उपाधीक्षक, प्रभारी जिला संचारी रोग पदाधिकारी, प्रभारी जिला गैर-संचारी रोग पदाधिकारी, जिला अनुश्रवण एवं मूल्यांकन पदाधिकारी तथा सदर अस्पताल प्रबंधक सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे। पटना के ऊर्जा ऑडिटोरियम से मुख्यमंत्री द्वारा किए गए राज्य स्तरीय शुभारंभ कार्यक्रम को टू-वे कम्युनिकेशन के माध्यम से मुजफ्फरपुर के सदर अस्पताल एवं आरएच सकरा से सीधे जोड़ा गया। दोनों स्वास्थ्य संस्थानों में टू-वे कम्युनिकेशन के माध्यम से राज्य स्तरीय कार्यक्रम का सीधा प्रसारण किया गया तथा स्थानीय स्तर से कार्यक्रम में सहभागिता सुनिश्चित की गई। इसके अतिरिक्त जिले के सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC), प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) एवं अन्य संबंधित स्वास्थ्य संस्थानों में वेबकास्टिंग के माध्यम से राज्य स्तरीय उद्घाटन कार्यक्रम का सीधा प्रसारण किया गया। जिला जनसम्पर्क अधिकारी लोकेश कुमार झा नें बताया की इस पहल का उद्देश्य गैर-संचारी रोगों को गंभीर अवस्था में पहुँचने से पहले ही पहचानना, उपचार शुरू करना और लोगों को उचित चिकित्सकीय देखभाल उपलब्ध कराना है। इससे समुदाय स्तर पर NCD की रोकथाम एवं नियंत्रण को और मजबूती मिलेगी। श्री झा नें बताया की मुजफ्फरपुर जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा कार्यक्रम के सफल एवं प्रभावी संचालन के लिए सभी संबंधित स्वास्थ्य संस्थानों को आवश्यक समन्वय एवं तैयारियाँ सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है। उद्देश्य है कि “जाँच एवं उपचार, चिकित्सा आपके द्वार” कार्यक्रम का लाभ जिले के अधिक से अधिक लोगों तक पहुँचाया जा सके और समय रहते बीमारी की पहचान एवं उपचार सुनिश्चित हो सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button