₹3,590.73 करोड़ की लागत से मुजफ्फरपुर-सीतामढ़ी-सोनबरसा मार्ग (NH-22) के कुल 82.578 किलोमीटर लंबे मार्ग को 4-लेन मानक में किया जाएगा अपग्रेड

ध्रुव कुमार सिंह, सीतामढ़ी, बिहार, १९ अगस्त
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मुजफ्फरपुर-सीतामढ़ी-सोनबरसा मार्ग (NH-22) को फोरलेन बनाने की केंद्रीय कैबिनेट की मंजूरी पर प्रधानमन्त्री के प्रति गहरा आभार व्यक्त किया है. मुख्यमंत्री ने इस फैसले को उत्तर बिहार के विकास, कनेक्टिविटी और सीमावर्ती क्षेत्रों की आर्थिक तरक्की के लिए एक ऐतिहासिक और महत्वपूर्ण सौगात बताया है. इस महत्वाकांक्षी परियोजना पर कुल ₹3,590.73 करोड़ खर्च किए जाएंगे. इसके तहत 82.578 किलोमीटर लंबे मार्ग को 4-लेन मानक में अपग्रेड किया जाएगा. यह सड़क परियोजना हाइब्रिड एन्युइटी मोड (HAM) के तहत विकसित की जाएगी. इस हाईवे को 80 से 100 किमी प्रति घंटे की रफ्तार के लिए डिजाइन किया गया है, जिससे यात्रा समय में भारी कमी आएगी. यह हाईवे सोनबरसा स्थित भारत-नेपाल बॉर्डर को मुजफ्फरपुर जैसे बड़े आर्थिक हब (NH-27) से सीधे जोड़ेगा. मुजफ्फरपुर, रुन्नी सैदपुर, डूमरा, भुतही और सोनबरसा जैसे घनी आबादी वाले क्षेत्रों में जाम की समस्या खत्म होगी. बेहतर सड़क संपर्क से उत्तर बिहार में कृषि उत्पादों के परिवहन, व्यापार और वाणिज्यिक गतिविधियों को भारी बढ़ावा मिलेगा. इससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे. मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार का यह निरंतर सहयोग ‘विकसित बिहार’ और ‘समृद्ध बिहार’ के संकल्प को साकार करने की दिशा में एक बड़ा कदम है.




