‘अवर निरीक्षक मद्य निषेध’ प्रारंभिक लिखित परीक्षा के निष्पक्ष और कदाचारमुक्त संचालन के लिए डीएम एवं एसपी ने परीक्षा केंद्रों का किया संयुक्त निरीक्षण

ध्रुव कुमार सिंह, सीतामढ़ी, बिहार १२ जुलाई
बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग, पटना द्वारा आयोजित “अवर निरीक्षक मद्य निषेध” प्रारंभिक लिखित प्रतियोगिता परीक्षा के स्वच्छ, निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं कदाचारमुक्त संचालन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी रिची पाण्डेय एवं पुलिस अधीक्षक अमित रंजन ने जिले के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का संयुक्त निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान दोनों अधिकारियों ने परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था, विधि-व्यवस्था संधारण, अभ्यर्थियों की प्रवेश प्रक्रिया, पहचान सत्यापन, प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों एवं पुलिस बल की तैनाती सहित परीक्षा संचालन से संबंधित सभी व्यवस्थाओं का गहन जायजा लिया। उन्होंने परीक्षा केंद्रों पर उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं का भी अवलोकन किया तथा संबंधित अधिकारियों से आवश्यक जानकारी प्राप्त की। जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने केंद्राधीक्षकों, दंडाधिकारियों एवं पुलिस अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि परीक्षा की पारदर्शिता, गोपनीयता एवं निष्पक्षता हर हाल में बनाए रखी जाए। आयोग द्वारा जारी सभी दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित करते हुए किसी भी प्रकार की अनियमितता, कदाचार अथवा अवांछित गतिविधि पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई करने को कहा गया। उन्होंने कहा कि परीक्षा की शुचिता एवं विश्वसनीयता बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था, सतत निगरानी एवं सघन जांच की व्यवस्था की गई है, ताकि अभ्यर्थी शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष वातावरण में परीक्षा दे सकें।





