वैशाली पुलिस अधीक्षक (एसपी) द्वारा राघोपुर थाने का किया गया वार्षिक निरीक्षण, कानून व्यवस्था को मजबूत करने और अपराध नियंत्रण के लिए पुलिस अधिकारियों को दिए सख्त दिशा-निर्देश

ध्रुव कुमार सिंह, वैशाली, बिहार, ३० मई
वैशाली पुलिस अधीक्षक (एसपी) विक्रम सिहाग द्वारा राघोपुर थाने का वार्षिक निरीक्षण किया गया। इस दौरान कानून व्यवस्था को मजबूत करने और अपराध नियंत्रण के लिए पुलिस अधिकारियों को सख्त दिशा-निर्देश दिए गए। पुलिस अधीक्षक ने थाना के सभी अभिलेखों, जैसे—गुंडा पंजी, आगंतुक पंजी, महिला हेल्पडेस्क, मालखाना और केस डायरी का गहन अवलोकन किया। सभी अनुसंधानकर्ताओं और थानाध्यक्ष को निर्देश दिया गया कि वे लंबित कांडों (केस) का जल्द से जल्द गुणवत्तापूर्ण निष्पादन करें। फरार वारंटियों की गिरफ्तारी और वारंट/कुर्की के प्रभावी निष्पादन पर जोर दिया गया। बैंक, एटीएम, पेट्रोल पंप और ज्वेलरी दुकानों जैसे संवेदनशील प्रतिष्ठानों की सुरक्षा जांच और नियमित गश्ती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। राघोपुर और आसपास के दियारा क्षेत्र में अवैध शराब निर्माण और तस्करी को रोकने के लिए विशेष अभियान चलाने का निर्देश दिया गया है। शराब की भट्टियों की पहचान कर उन्हें नष्ट करने को कहा गया है। अपराध नियंत्रण, विधि-व्यवस्था संधारण एवं राज्य में लागू शराबबंदी कानून के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर विशेष समीक्षा की गई। निरीक्षण के दौरान पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों को जन शिकायतों का त्वरित निष्पादन, गुणवत्तापूर्ण अनुसंधान तथा आमजन के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने हेतु भी निर्देशित किया गया। पुलिस अधीक्षक द्वारा अवैध शराब के निर्माण, भंडारण एवं तस्करी के विरुद्ध सतत अभियान चलाने, अपराधियों पर कड़ी निगरानी रखने तथा क्षेत्र में पुलिस गश्ती एवं सूचना संकलन को और सुदृढ़ करने हेतु आवश्यक निर्देश दिए गए।





