नीति आयोग की आकांक्षी जिला कार्यक्रम (Aspirational Districts Programme) की डेल्टा रैंकिंग में सीतामढ़ी ने कृषि एवं जल संसाधन सेक्टर में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय स्तर पर हासिल किया प्रथम स्थान

ध्रुव कुमार सिंह, सीतामढ़ी, बिहार, २० मई
नीति आयोग द्वारा आकांक्षी जिला कार्यक्रम के अंतर्गत अक्टूबर से दिसंबर 2025 की डेल्टा रैंकिंग जारी की गई है, जिसमें बिहार के सीतामढ़ी जिला ने कृषि एवं जल संसाधन सेक्टर में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय स्तर पर प्रथम स्थान हासिल किया है। नीति आयोग द्वारा जारी रैंकिंग में विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाले जिलों को सम्मानित किया गया है। सीतामढ़ी जिले की यह उपलब्धि कृषि, सिंचाई, जल संरक्षण एवं किसानों से जुड़ी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन का परिणाम है। जिला प्रशासन द्वारा किसानों के हित में संचालित योजनाओं, जल संसाधनों के बेहतर प्रबंधन, कृषि आधारित गतिविधियों के विस्तार तथा संबंधित विभागों के समन्वित प्रयासों से जिले ने यह सफलता प्राप्त की है। जिलाधिकारी ने इस उपलब्धि पर संबंधित विभागों के पदाधिकारियों, कर्मियों एवं जिलेवासियों को बधाई देते हुए कहा कि यह सम्मान जिले के सामूहिक प्रयास, बेहतर कार्य संस्कृति एवं जनभागीदारी का परिणाम है। उन्होंने कहा कि आगे भी विकास के विभिन्न मानकों पर जिले को और बेहतर बनाने के लिए निरंतर प्रयास जारी रहेंगे। जिला जनसम्पर्क अधिकारी कमल सिंह नें बताया की नीति आयोग के आकांक्षी जिला कार्यक्रम (Aspirational Districts Programme) की डेल्टा रैंकिंग में सीतामढ़ी द्वारा कृषि एवं जल संसाधन सेक्टर में उत्कृष्ट प्रदर्शन राष्ट्रीय स्तर पर सराहनीय है। आकांक्षी जिला कार्यक्रम के अंतर्गत देश के चयनित जिलों में स्वास्थ्य एवं पोषण, शिक्षा, कृषि एवं जल संसाधन, वित्तीय समावेशन एवं कौशल विकास तथा आधारभूत संरचना जैसे क्षेत्रों में प्रगति का आकलन किया जाता है।




