बिहारराज्यलोकल न्यूज़

तिरहुत स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के निर्वाचन के लिए होने वाले मतदान को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए निर्वाची पदाधिकारी के कार्यालय में प्रमंडल-स्तरीय नियंत्रण कक्ष की हुई स्थापना

ध्रुव कुमार सिंह, मुजफ्फरपुर, बिहार, २० अक्टूबर

निर्वाची पदाधिकारी, तिरहुत स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र-सह-आयुक्त, तिरहुत प्रमंडल, मुजफ्फरपुर गिरिवर दयाल सिंह के निदेश पर बिहार विधान परिषद के तिरहुत स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के द्वि-वार्षिक निर्वाचन, 2026 के 23 अक्टूबर को होने वाले मतदान को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए निर्वाची पदाधिकारी के कार्यालय में प्रमंडल-स्तरीय नियंत्रण कक्ष की स्थापना की गई है। नियंत्रण कक्ष की दूरभाष संख्या: 0621-2213962 और ई-मेल आईडी: divcom.tirhut-bih@nic.in है. प्रमंडलीय आयुक्त श्री सिंह ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप मतदान के सफल, स्वच्छ एवं शांतिपूर्ण संचालन तथा प्रभावी अनुश्रवण हेतु  सभी आवश्यक व्यवस्था की गई है। प्रमंडलीय नियंत्रण कक्ष तीन पालियों में क्रियाशील रहेगा। इसके लिए पदाधिकारियों एवं कर्मियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। सभी प्रतिनियुक्त पदाधिकारी एवं कर्मी दिनांक 22.10.2026 को प्रातः 06:00 बजे से मतदान प्रक्रिया की समाप्ति तक अपने-अपने पाली में उपस्थित रहकर दायित्वों का निर्वहन करेंगे। प्रमंडलीय आयुक्त ने कहा कि जिलावार भी नियंत्रण कक्ष की स्थापना की गई है। नियंत्रण कक्ष के प्रमुख कार्य है, मतदान दलों एवं माइक्रो प्रेक्षकों के डिस्पैच की जानकारी प्राप्त करना, प्रत्येक मतदान केन्द्र पर वीडियोग्राफर की प्रतिनियुक्ति एवं डिस्पैच की जानकारी प्राप्त करना, मतदान केन्द्रों पर मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता के बारे में जानकारी लेना, मतदान के दिन प्रत्येक घंटे मतदान प्रतिशत की जानकारी प्राप्त करना, शिकायतों को पंजीबद्ध करते हुए तत्काल जांच कराना एवं प्रतिवेदन प्रेषित करना सहित वज्रगृह में पोल्ड मतपेटिकाओं को जमा करने तक की सम्पूर्ण प्रक्रिया का अनुश्रवण नियंत्रण कक्ष द्वारा किया जाएगा। प्रमंडलीय आयुक्त ने कहा कि अधिकारियों को निदेश दिया गया है कि मतदान केंद्रों पर होने वाला हर कार्य आयोग के निर्देशानुसार विधिवत, स्वच्छ तथा पारदर्शी हो। आदर्श आचार संहिता का अक्षरशः अनुपालन, विधि व्यवस्था संधारण सहित आयोग के सभी दिशा-निर्देशो एवं प्रावधानों का सम्यक अनुपालन अनिवार्य है। प्रमंडलीय आयुक्त ने कहा कि बिहार विधान परिषद के तिरहुत स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र का द्वि-वार्षिक निर्वाचन, 2026 स्वतंत्र, निष्पक्ष, भयमुक्त, पारदर्शी एवं सहभागितापूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराना सर्वोच्च प्राथमिकता है। संपूर्ण प्रशासनिक तंत्र इसके लिए सजग, तत्पर एवं प्रतिबद्ध है। प्रमंडलीय सूचना एवं जनसम्पर्क उप-निदेशक लोकेश कुमार झा नें बताया  कि पोलिंग पार्टी का डिस्पैच दिनांक 22.10.2026 को चारों जिलों-सीतामढ़ी, शिवहर, मुजफ्फरपुर एवं वैशाली- के निर्धारित केंद्र से होगा। कुल मतदान केंद्रों की संख्या 203 है जिसमें तिरहुत स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में कुल 145 मतदान केन्द्र तथा तिरहुत शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में कुल 58 मतदान केन्द्र हैं। मतदान 23 अक्टूबर को 8 बजे पूर्वाह्न से 4 बजे अपराह्न तक होगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button