तिरहुत क्षेत्र के पुलिस उप-महानिरीक्षक (DIG) द्वारा दुर्गा पूजा को लेकर पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक कर की गयी सुरक्षा और विधि-व्यवस्था की समीक्षा

ध्रुव कुमार सिंह, हाजीपुर (वैशाली), बिहार, १० अक्टूबर
तिरहुत क्षेत्र के पुलिस उप-महानिरीक्षक (DIG) चंदन कुमार कुशवाहा द्वारा वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) शुभांक मिश्रा एवं ग्रामीण पुलिस अधीक्षक (SP) सोनू कुमार राय की उपस्थिति में वैशाली जिले के सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों (SDPO), अंचल पुलिस निरीक्षकों (Circle Inspectors) तथा पुलिस उपाधीक्षक (यातायात), पुलिस उपाधीक्षक (रक्षित) (Reserve) एवं पुलिस उपाधीक्षक (DSP) (साइबर क्राइम) के साथ आगामी दुर्गा पूजा पर्व के मद्देनजर विधि-व्यवस्था एवं सुरक्षा तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई। पुलिस उप-महानिरीक्षक श्री कुशवाहा के नेतृत्व में हुई इस उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक में दुर्गा पूजा पंडालों और मुख्य बाजारों में भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस बलों (रक्षित बल) की प्रतिनियुक्ति सहित पूजा के दौरान जाम की समस्या से निपटने के लिए रूट डायवर्जन और नो-एंट्री जोन की योजना तैयार की गई। त्योहार के दौरान सोशल मीडिया पर अफवाहों, आपत्तिजनक पोस्ट और सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वाली गतिविधियों पर पैनी नजर रखनें, अनुमंडल और अंचल स्तर के अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय अपराधियों और हुड़दंगियों पर निरोधात्मक कार्रवाई (Preventive Action) करने के निर्देश दिए गए। सभी दुर्गा पूजा पंडालों की तैयारियों, आवश्यक लाइसेंस की अनिवार्यता तथा सुरक्षा मानकों के अनुपालन की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। पर्व के दौरान शांति-व्यवस्था भंग करने की आशंका वाले तत्वों के विरुद्ध निरोधात्मक कार्रवाई एवं आवश्यकतानुसार CCA के तहत कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। नियमों का उल्लंघन करने वाले डीजे के विरुद्ध नियमानुसार जब्ती सहित कठोर कार्रवाई करने पर भी जोर दिया गया। जिले में 24×7 कार्यरत सोशल मीडिया सेल को भड़काऊ, आपत्तिजनक एवं सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वाली सामग्री पर सतत निगरानी रखते हुए त्वरित एवं विधिसम्मत कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। सभी चिन्हित संवेदनशील स्थलों एवं आवश्यक स्थानों पर CCTV के माध्यम से निगरानी सुनिश्चित करने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया। मुख्यालय से प्राप्त अतिरिक्त पुलिस बलों की संपूर्ण जिले में आवश्यकतानुसार तैनाती सुनिश्चित करते हुए सभी संबंधित पदाधिकारियों को सतर्कता, आपसी समन्वय एवं त्वरित प्रतिक्रिया के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) श्री मिश्रा नें बताया कि आगामी दुर्गा पूजा पर्व के दौरान विधि-व्यवस्था (Law and Order) और सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद रखने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। वैशाली पुलिस शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण दुर्गा पूजा सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। पर्व के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने, असामाजिक तत्वों पर प्रभावी नियंत्रण रखने तथा आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने हेतु पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क एवं तत्पर है।






