प्रमंडलीय आयुक्त ने बिहार विधान परिषद के निर्वाचन की तैयारियों की समीक्षा की, सभी कोषांगों के वरीय नोडल पदाधिकारियों को आयोग के दिशा-निर्देशो का अक्षरश: अनुपालन सुनिश्चित करने का दिया निर्देश

ध्रुव कुमार सिंह, मुजफ्फरपुर, बिहार, ०८ अक्टूबर
बिहार विधान परिषद के तिरहुत स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र (द्वि-वार्षिक निर्वाचन, 2026) के सफल और निष्पक्ष संचालन को लेकर प्रशासनिक तैयारियां पूरी तत्परता से की जा रही हैं। तिरहुत प्रमंडल के आयुक्त-सह-निर्वाची पदाधिकारी गिरिवर दयाल सिंह की अध्यक्षता में निर्वाचन संबंधी कार्यों और विभिन्न कोषांगों (Cells) की लगातार विस्तृत समीक्षा की गई है। प्रमंडलीय आयुक्त ने सभी जिलाधिकारियों और कोषांगों के वरीय व नोडल पदाधिकारियों को भारत निर्वाचन आयोग (ECI) के हर एक दिशा-निर्देश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। अधिकारियों से स्पष्ट कहा गया है कि उन्हें “सिर्फ पारदर्शी रहना ही नहीं बल्कि पारदर्शी दिखना भी है”। हर स्तर पर निष्पक्षता और उत्तरदायित्व के साथ कार्य करने की अपील की गई है। प्रमंडल स्तर पर 11 विशेष कोषांग सक्रिय रूप से कार्य कर रहे हैं, जिनमें कार्मिक, वाहन, आदर्श आचार संहिता, मतपेटिका, और प्रशिक्षण कोषांग शामिल हैं। पीठासीन पदाधिकारियों (Presiding Officers), प्रथम मतदान अधिकारियों (P1), काउंटिंग सुपरवाइजर्स और काउंटिंग असिस्टेंट्स के लिए गहन जिला-स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
चुनाव की घोषणा के साथ ही पूरे प्रमंडल क्षेत्र में आदर्श आचार संहिता (Model Code of Conduct) को कड़ाई से लागू किया गया है।
नाम वापसी की अंतिम तिथि: 9 अक्टूबर 2026, मतदान (Polling) की तिथि: 23 अक्टूबर 2026 (सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक) तथा मतगणना (Counting) की तिथि: 27 अक्टूबर 2026 निर्धारित है. तिरहुत प्रमंडल के आयुक्त-सह-निर्वाची पदाधिकारी ने उप-मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, तिरहुत प्रमंडल सत्यप्रिय कुमार को अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर आयोग के प्रावधानों के अनुसार ससमय एवं सम्यक तैयारी सुनिश्चित कराने का निदेश दिया। उप-निदेशक सूचना एवं जनसम्पर्क लोकेश कुमार झा नें बताया की प्रशासनिक तंत्र पूरी तरह सजग और प्रतिबद्ध है ताकि पूरी चुनावी प्रक्रिया भयमुक्त, शांतिपूर्ण और सहभागितापूर्ण माहौल में संपन्न कराई जा सके.




