आपदा प्रबंधन विभाग के मंत्री की अध्यक्षता में बाढ़ पूर्व तैयारियों से संबंधित महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित

ध्रुव कुमार सिंह, सीतामढ़ी, बिहार, ३० अगस्त
आपदा प्रबंधन मंत्री रत्नेश सदा की अध्यक्षता में सीतामढ़ी समाहरणालय स्थित विमर्श सभा कक्ष में बाढ़ पूर्व तैयारियों से संबंधित समीक्षा बैठक आहूत की गई। बैठक में एसपी अमित रंजन, डीडीसी श्वेता भारती, एडीएम संजीव कुमार, अपर समाहर्ता आपदा प्रबंधन, डीपीआरओ कमल सिंह, सभी सीओ, सभी एसडीओ सहित सभी विभागों के जिला स्तरीय पदाधिकारी एवं तकनीकी विभागों के पदाधिकारी उपस्थित थे। बैठक में पीपीटी के माध्यम से अपर समाहर्ता, आपदा प्रबंधन बृजकिशोर पांडेय ने अभी तक की गई तैयारियों की अद्धतन स्थिति से मंत्री को अवगत कराया गया। मंत्री के द्वारा उपस्थित सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलअधिकारियों एवं तकनीकी विभागों के पदाधिकारियों को निर्देशित किया गया कि सभी संवेदनशील स्थलों पर सतत निगरानी रखें एवं लगातार मॉनिटरिंग करें। उन्होंने बागमती प्रमंडल सीतामढ़ी एवं रुन्नीसैदपुर के अभियंताओं से एवं जल निस्सरण विभाग के अभियंताओं से अब तक की गई तैयारी की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने कहा कि संभावित बाढ़ के मद्देनजर सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करना सुनिश्चित करेंगे। बैठक में मंत्री ने सीमावर्ती क्षेत्रों की स्थिति, तटबंधों की सुरक्षा, जलस्तर और संभावित बाढ़ को लेकर किए गए इंतजामों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि वर्तमान में जिले में बाढ़ की स्थिति नहीं है, फिर भी संभावित परिस्थितियों को देखते हुए पूरी तरह अलर्ट मोड में रहें। सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए अपनी तैयारियों को निरंतर अद्यतन रखें। तटबंधों, बांधों एवं कटाव संभावित स्थलों की लगातार निगरानी सुनिश्चित की जाए। संवेदनशील क्षेत्रों में पर्याप्त संख्या में नाव, मोटरबोट एवं अन्य आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित रखें। राहत एवं बचाव कार्य के लिए मानव बल और आवश्यक उपकरणों को तैयार अवस्था में रखा जाए। संभावित बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत शिविरों की पहचान एवं आवश्यक व्यवस्थाओं को पहले से सुनिश्चित किया जाए। इस संबंध में उन्होंने स्वास्थ्य विभाग, पशुपालन विभाग, पीएचईडी, कृषि, विद्युत, जल संसाधन तथा अन्य विभागों को आवश्यक निर्देश दिया। उन्होंने अधिकारियों को क्षेत्र में लगातार भ्रमण कर जमीनी स्थिति का जायजा लेने तथा किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई करने को कहा। समीक्षा के दौरान मंत्री ने बताया कि फिलहाल सीतामढ़ी में कहीं भी बाढ़ जैसी स्थिति नहीं है और सभी जगह स्थिति सामान्य है हालांकि, नेपाल में आई आपदा को देखते हुए में विशेष सतर्कता बरती जा रही है।





