सामाजिक सुरक्षा के पेंशनधारियों को दी गई सौगात- 3,12,025 पेंशनधारियों के खाते में 45 करोड़ 58 लाख 79 हजार 400 रु की राशि डीबीटी के माध्यम से की गई अंतरित

ध्रुव कुमार सिंह, सीतामढ़ी, बिहार १० जुलाई
बिहार सरकार द्वारा सामाजिक सुरक्षा के पेंशनधारियों की पेंशन को ₹400 से बढ़कर 1100 रुपए करने की घोषणा की गई थी। इसके साथ ही सरकार द्वारा पेंशनधारियों को जानकारी दी गई थी कि हर माह 10 तारीख को पेंशनधारी विगत माह का पेंशन ₹1100 प्रति माह की दर से प्राप्त कर सकेंगे । इस कड़ी में पेंशन की राशि पेंशनधारियों के खाते में अंतरित की गई। इस कार्यक्रम का सीधा प्रसारण किया गया। सीधे प्रसारण के माध्यम से पूरे राज्य भर से बड़ी संख्या में पेंशनधारी इस अवसर के साक्षी बने। सीतामढ़ी जिला में मुख्य कार्यक्रम समाहरणालय स्थित विमर्श सभा कक्ष में आयोजित किया गया। जिलास्तरीय कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला पदाधिकारी रिची पांडेय के द्वारा किया गया। कार्यक्रम में डीडीसी संदीप कुमार, सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा लाल कृष्ण राय, डीपीओ आईसीडीएस निशिकांत एवं अन्य जिला स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित थे। इस अवसर पर उपस्थित पेंशनधारियों को संबोधित करते हुए जिला पदाधिकारी श्री पांडेय के द्वारा बिहार सरकार के वृद्धजनों विधवाओं एवं दिव्यांगजनों के आर्थिक एवं सामाजिक उत्थान की आकांक्षा के प्रति जिला प्रशासन की प्रतिबद्धता का संदेश दिया गया। उनके द्वारा वृद्ध, विधवाओं एवं निशक्त जिला वासियों के अधिकारों के संरक्षण तथा उत्थान के लिए निरंतर कार्य करने का आश्वासन भी दिया गया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि वृद्धजन, विधवाओं एवं दिव्यांग जनों की आर्थिक एवं सामाजिक उत्थान के लिए जिला प्रशासन प्रतिबद्ध है। उन्होंने आश्वस्त किया कि प्रशासन इन वर्गों के अधिकारों के संरक्षण और कल्याण हेतु निरंतर प्रयासरत रहेगा। सहायक निदेशक, सामाजिक सुरक्षा लाल कृष्ण राय द्वारा जानकारी दी गई कि जिला में इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन के 72959 वृद्ध जनों हेतु मई और जून माह का कुल 16,05,09,800, इंदिरा गांधी राष्ट्रीय विधवा पेंशन के तहत 20,089 पेंशनधारियों हेतु माह मई और जून का कुल 4,41,95,800 रूपये, इंदिरा गांधी राष्ट्रीय निशक्तता पेंशन के 2139 पेंशनधारियों हेतु ₹47,05,800, मुख्यमंत्री वृद्धजन पेंशन योजना के 174265 पेंशनधारीय हेतु कुल 19,89,73,900 रू, लक्ष्मीबाई सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के 16259 पेंशनधारियों के लिए ₹1,82,68,700, बिहार राज्य निशक्तता पेंशन योजना के 26354 पेंशन धारी के लिए माह मई एवं जून का कुल 2,92,25,400 सहित कुल 3,12,025 पेंशनधारियों के लिए कुल 45 करोड़ 58 लाख 79 हजार 400 रुपए की राशि पेंशनधारियों के खाते में डीबीटी के माध्यम से अंतरित की गई है। जिलाधिकारी ने 69000 वैसे पेंशनधारियों को जिन्होंने अभी तक अपना जीवन प्रमाणीकरण नहीं कराया है उन्हें जीवन प्रमाणीकरण कराने की अपील की है।





