सरकारी कामकाज में जवाबदेही, पारदर्शिता एवं गुणवत्ता विकसित करने तथा कार्य प्रणाली में सुधार लाने के निमित्त प्रमंडलीय आयुक्त ने देर रात थाना का किया औचक निरीक्षण
तीन पुलिस कर्मियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करते हुए लाइन हाजिर करने का सख्त निर्देश

ध्रुव कुमार सिंह, मुजफ्फरपुर, बिहार, ०५ अप्रैल
सरकारी कामकाज में जवाबदेही, पारदर्शिता एवं गुणवत्ता विकसित करने तथा कार्य प्रणाली में सुधार लाने के निमित्त तिरहुत प्रमंडल के आयुक्त गिरिवर दयाल सिंह ने शनिवार की देर रात अहियापुर थाना का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान आयुक्त ने कर्तव्य मे लापरवाही एवं सरकारी प्रोटोकॉल के प्रतिकूल आचरण करने के कारण तीन पुलिसकर्मियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करते हुए लाइन हाजिर करने का निर्देश वरीय पुलिस अधीक्षक को दिया। प्रमंडलीय आयुक्त को अहियापुर थाना में शिकायतकर्ताओं के साथ अमर्यादित एवं अशिष्ट व्यवहार किये जाने संबंधी शिकायत प्राप्त हुई थी। उक्त शिकायत के सत्यापन उपरांत मामला सही पाये जाने पर आयुक्त ने स्वयं शनिवार की देर रात औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के क्रम में अवर निरीक्षक जयप्रकाश एवं सिपाही (थाना मैनेजर) चंदन कुमार ड्यूटी के दौरान बिना वर्दी के पाये गये तथा उनके पहने हुए वस्त्र भी अव्यवस्थित पाये गये। आयुक्त ने इस कृत्य को सरकारी प्रोटोकॉल के प्रतिकूल आचरण मानते हुए दोनों कर्मियों को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर करने का निर्देश वरीय पुलिस अधीक्षक को दिया। इसके अतिरिक्त, निरीक्षण के दौरान थानाध्यक्ष की अनुपस्थिति के बारे में आयुक्त द्वारा ड्यूटी पर तैनात अवर निरीक्षक प्रमोद प्रसाद से पूछताछ की गई, जिसमें क्षेत्र भ्रमण की सूचना दी गई। तथापि, आयुक्त द्वारा दूरभाष पर हुई वार्ता में यह तथ्य सामने आया कि थानाध्यक्ष विधिवत रूप से अवकाश पर हैं। इस प्रकार उच्चाधिकारी को भ्रामक एवं गुमराह करने वाली सूचना देने के कृत्य को गंभीर अनुशासनहीनता मानते हुए संबंधित अवर निरीक्षक को भी लाइन हाजिर करने का निर्देश दिया गया। प्रमंडलीय आयुक्त ने सरकारी कार्यालयों में कार्यरत सभी अधिकारी एवं कर्मी को अपने कर्तव्य के प्रति सजग रहने तथा आमजनों के साथ शिष्ट व्यवहार एवं प्रोटोकॉल के अनुरूप आचरण प्रदर्शित करने की नसीहत दी। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जायेगी तथा सरकारी कार्यों का निष्पादन समयबद्ध, पारदर्शी एवं जवाबदेही के साथ सुनिश्चित किया जाय। निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने निर्देश दिया कि सभी अभिलेखों का संधारण अद्यतन एवं व्यवस्थित रूप से किया जाय तथा लंबित मामलों का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित किया जाय। इस क्रम में आयुक्त ने भूमि विवाद के मामलों के नियमानुसार निष्पादन हेतु प्रत्येक शनिवार को अंचलाधिकारी के साथ नियमित सुनवाई की भी जानकारी प्राप्त की। प्रमंडलीय आयुक्त ने थाना परिसर में उपलब्ध बुनियादी सुविधाओं का भी जायजा लिया। उन्होंने परिसर में साफ-सफाई की स्थिति को संतोषजनक बनाये रखने के निर्देश देते हुए कहा कि थाना परिसर आमजन के लिए एक अनुकरणीय स्थान होना चाहिए, जहां आने वाले लोगों को स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण का अनुभव हो साथ ही उन्होंने महिला हेल्प डेस्क की कार्यप्रणाली की समीक्षा करते हुए महिला संबंधित मामलों में संवेदनशीलता एवं त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने पर बल दिया। निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने लंबित मामलों के निष्पादन में तेजी लाने, अपराध नियंत्रण हेतु नियमित गश्ती बढ़ाने तथा असामाजिक तत्वों पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विधि-व्यवस्था संधारण में किसी प्रकार की शिथिलता नहीं बरती जाए तथा आम नागरिकों में सुरक्षा की भावना सुदृढ़ की जाए। इसके अतिरिक्त, उन्होंने थाना स्तर पर प्राप्त होने वाली शिकायतों के त्वरित निष्पादन तथा शिकायतकर्ताओं के साथ शिष्ट एवं संवेदनशील व्यवहार सुनिश्चित करने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि पुलिस प्रशासन की प्राथमिकता आमजन की समस्याओं का समयबद्ध समाधान करना होना चाहिए। निरीक्षण के क्रम में प्रमंडलीय आयुक्त ने उपस्थित पुलिस पदाधिकारियों को अपने कर्तव्य के प्रति सजग एवं उत्तरदायी रहने का निर्देश दिया और कहा कि कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाये रखने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाये जायें।





