वैशाली पुलिस ने रूस्तमपुर थाना क्षेत्र में हुए हत्याकांड का सफल खुलासा करते हुए 02 कुख्यात अपराधियों को किया गिरफ्तार

ध्रुव कुमार सिंह, हाजीपुर (वैशाली), बिहार, २२ अगस्त
वैशाली पुलिस ने जिले के रूस्तमपुर थाना क्षेत्र में हुए हत्याकांड का सफल खुलासा करते हुए 02 कुख्यात अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधीक्षक (SP) शुभांक मिश्रा (IPS) द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, यह मामला बिदुपुर-कच्ची दरगाह सिक्स लेन पुल पर हुई अंशुमान कुमार की निर्मम हत्या से जुड़ा है। यह हत्या 19 अगस्त 2026 को कुछ अपराधियों द्वारा अंजाम दी गई थी। घटना के बाद स्थानीय पुलिस और विशेष टीम ने तकनीकी और वैज्ञानिक अनुसंधान के आधार पर त्वरित छापेमारी की। पुलिस ने मामले को सुलझाते हुए घटना में शामिल दो मुख्य आरोपियों (अपराधकर्मियों) को दबोच लिया है। पुलिस अधीक्षक (SP) श्री मिश्रा नें बताया की गठित विशेष टीम के द्वारा वैज्ञानिक अनुसंधान, सीडीआर विश्लेषण एवं तकनीकि साक्ष्यों के आधार पर लगातार छापेमारी की जा रही थी, जिस क्रम में संदिग्ध अभिनय कुमार को 01 देशी पिस्टल एवं 04 जिन्दा कारतूस के साथ कच्ची दरगाह बिदुपुर सिक्स लेन पाया नं0-24 के पास से गिरफ्तार किया गया। पूछताछ के क्रम में अभिनय कुमार के द्वारा उक्त हत्या की घटना में अपनी संलिप्ता स्वीकार की तथा अन्य संलिप्त व्यक्तियों के बारे में बताया गया।
इसकी निशानदेही पर घटना में लाईनर की भूमिका निभा रहे रौशन कुमार को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। श्री मिश्रा नें बताया की 2024 में अभिनय कुमार को पेट में गोली लगी थी जो मृतक अंशुमान के द्वारा चलाया गया था। किसी प्रकार से इस मामले में अंशुमान का नाम केस में नही आ सका था। इसी बात को लेकर अभिनय काफी दिनों से आक्रोशित था तथा गिरोह के अन्य अभियुक्तों के साथ अंशुमान का आपसी विवाद तथा झगड़ा हुआ था। जिसको लेकर सम्पूर्ण घटना की साजिश रची गई थी। अभिनय एवं अंशुमान का मित्र रौशन कुमार जो कि घटना के दिन मृतक के मोटरसाइकिल के पीछे ही बैठा था, वह हत्या के षडयंत्र में शामिल था एवं घटना के दिन लाईनर की भूमिका निभा रहा था। जिस बीच उसने अभिनय को 03 बार कॉल के माध्यम से अंशुमान का लोकेशन दिया था, जिसे दो बाईक पर सवार अपराधकर्मियों द्वारा गोली मारकर अंशुमान की हत्या कर दी गई। इस सफल उद्भेदन से पुलिस ने अपराधियों के मंसूबों को नाकाम कर इलाके में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करने का संदेश दिया है। मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया और अन्य शामिल अपराधियों की तलाश के लिए छापेमारी जारी है।




