रक्षाबंधन के पावन पर्व पर वैशाली पुलिस द्वारा महिलाओं और बेटियों की सुरक्षा को और मजबूत करने के लिए ‘अभया ब्रिगेड’ (पुलिस दीदी) और ‘गरुड़ा टीम’ गठित

ध्रुव कुमार सिंह, हाजीपुर (वैशाली), बिहार, २८ अगस्त
रक्षाबंधन के पावन पर्व पर पुलिस अधीक्षक शुभांक मिश्रा के नेतृत्व और मार्गदर्शन में वैशाली पुलिस ने महिलाओं और बेटियों की सुरक्षा को और मजबूत करने के लिए एक बहुत ही अच्छी शुरुआत की है. इस खास मौके पर पुलिस ने ‘अभया ब्रिगेड’ (पुलिस दीदी) और ‘गरुड़ा टीम’ का गठन किया है. हाजीपुर (वैशाली) में साइबर थाने की पुलिस उपाधीक्षक (DSP) चांदनी सुमन ने इन विशेष टीमों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. पुलिस अधीक्षक श्री मिश्रा नें बताया की अभया ब्रिगेड (पुलिस दीदी) की टीम लड़कियों और महिलाओं के लिए एक बड़ी बहन यानी ‘पुलिस दीदी’ की तरह काम करेगी. यह टीम दिन-रात (24×7) काम करेगी और महिलाओं की परेशानियां सुनकर तुरंत उनकी मदद करेगी. जबकि गरुड़ा टीम का मुख्य काम महिलाओं और बालिकाओं को एक सुरक्षित माहौल देना है. अगर कहीं भी कोई समस्या या शिकायत आती है, तो यह टीम बिना किसी देरी के मौके पर पहुंचकर सहायता करेगी. इन विशेष टीमों को हरी झंडी दिखाकर रवाना करनें के अवसर पर पुलिस उपाधीक्षक (DSP) चांदनी सुमन नें कहा की स्कूल, कॉलेज, कोचिंग सेंटर, बस स्टैंड और बाजारों में ये टीमें लगातार चक्कर (पेट्रोलिंग) लगाएंगी ताकि कोई भी लड़कियों को परेशान न कर सके. इन टीमों को दोपहिया वाहन (जैसे स्कूटी/बाइक) दिए गए हैं, जिससे ये संकरी और तंग गलियों में भी आसानी से पहुंच सकें.इस पहल का सबसे बड़ा लक्ष्य महिलाओं के मन से डर को दूर करना और उनके भीतर सुरक्षा का विश्वास जगाना है. वैशाली पुलिस का इस बार नारा है—”हर बहन सुरक्षित, हर बेटी सशक्त”।





